Vastu Shastra : आजकल घरों में ‘रॉयल लुक’ देने के लिए दीवारों पर पुरानी या सजावटी तलवार टांगने का चलन बढ़ा है। हिंदू मान्यताओं में तलवार केवल हथियार नहीं, बल्कि मां दुर्गा और शक्ति का प्रतीक है।
यह सुरक्षा और विजय दर्शाती है। लेकिन वास्तु शास्त्र कहता है कि अगर इसे गलत दिशा में टांग दिया जाए, तो यह घर की खुशियों को नजर लगा सकती है।
दक्षिण-पश्चिम दिशा है सबसे उत्तम
वास्तु के नियमों के मुताबिक, घर में तलवार रखने के लिए दक्षिण-पश्चिम दिशा (नैऋत्य कोण) सबसे शुभ मानी गई है।
यह दिशा पृथ्वी तत्व का प्रतिनिधित्व करती है। यहाँ तलवार रखने से घर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती है और परिवार के सदस्यों में साहस व स्थिरता बनी रहती है।
इन जगहों पर भूलकर भी न रखें
तलवार को कभी भी उत्तर-पूर्व (ईशान कोण) या पूर्व दिशा में नहीं रखना चाहिए। ईशान कोण जल तत्व और आध्यात्मिक शांति का स्थान है।
यहाँ हिंसा का प्रतीक (तलवार) रखने से घर में नकारात्मकता और तनाव फैलता है। इसके अलावा, घर के मुख्य द्वार और पूजा कक्ष में भी तलवार रखना वास्तु दोष का कारण बनता है।
बेडरूम और किचन से रखें दूर
अक्सर लोग अनजाने में तलवार को बेडरूम में सजा लेते हैं। वास्तु के अनुसार, यह वैवाहिक जीवन के लिए खतरनाक है।
बेडरूम में तलवार होने से पति-पत्नी के बीच बेवजह झगड़े और तनाव बढ़ते हैं। इसी तरह, रसोईघर में भी इसका होना अशुभ माना गया है।
नुकीला सिरा ऊपर रखें
तलवार को दीवार पर टांगते समय ध्यान रखें कि उसका नुकीला हिस्सा हमेशा ऊपर की ओर हो। नीचे की तरफ नुकीला हिस्सा होना अशुभ माना जाता है।
साथ ही, घर में कभी भी जंग लगी या टूटी हुई तलवार न रखें। यह आर्थिक हानि और मानसिक क्लेश को निमंत्रण देती है।
नवरात्रि या दशहरे पर इसकी पूजा करें और इसे हमेशा साफ-सुथरा व सम्मानजनक स्थान पर ही रखें।



















