Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड में ठंड से थोड़ी राहत मिलने के बाद अब मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की जानकारी दी है। इसके असर से फरवरी महीने की शुरुआत बारिश और बर्फबारी के साथ होगी।
तीन दिन तक बिगड़ सकता है मौसम
शनिवार से मौसम का मिजाज बदलना शुरू होगा। विभाग के अनुसार, 1, 2 और 3 फरवरी को राज्य के अधिकतर जनपदों में बारिश होने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस दौरान सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि कुछ हिस्सों में गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की भी प्रबल संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का अनुमान है, जिससे पूरे प्रदेश में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ सकती है।
हल्द्वानी में गिरेगा पारा
हल्द्वानी में शुक्रवार को ही मौसम का बदला रुख देखने को मिला। सुबह से बादलों की आवाजाही रही और धूप का असर पिछले दिनों की तुलना में कम रहा। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों में बारिश के चलते यहां तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
नैनीताल: सुहाने मौसम के बाद बारिश के आसार
सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को दिन भर तेज धूप खिली रही, जिससे दोपहर में मौसम सुहाना बना रहा। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र नैनीताल के मुताबिक, शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि, 1 फरवरी से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर यहां भी देखने को मिलेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका प्रभाव 3 फरवरी तक रहने की संभावना है और इस दौरान बारिश हो सकती है।



















