Dehradun : ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत डोईवाला पुलिस ने शनिवार (31 जनवरी 2026) को एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मिल गेट तिराहा के पास से आरोपी सुरेंद्र उर्फ सोनू (33) को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
लत पूरी करने के लिए बना तस्कर
पुलिस पूछताछ में कुडकावाला निवासी सुरेंद्र ने बताया कि वह खुद नशे का आदी है। अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही उसने तस्करी का रास्ता चुना। वह स्थानीय नशेडि़यों से कम दाम में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक खरीदता था और फिर उसे इकट्ठा कर अन्य नशेडि़यों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाता था। इसी मुनाफे से वह अपने लिए नशा भी खरीदता था।
पहले भी जेल जा चुका है सुरेंद्र
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है। डोईवाला कोतवाली पुलिस उसे पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में जेल भेज चुकी है। वर्ष 2019 में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा (मु0अ0सं0-120/2019) दर्ज हुआ था।
ताजा मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में मुकदमा अपराध संख्या-27/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान का हिस्सा है।



















