Fake Paneer : देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र में पुलिस ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को दबोचा है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान धूलकोट तिराहे के पास दो तेज रफ्तार लग्जरी कारों को रोका गया। इन वाहनों की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में पनीर और दही मिला, जिसके दस्तावेज चालक पेश नहीं कर सके।
शादी समारोह में होनी थी सप्लाई
पकड़े गए आरोपियों की पहचान वसीम और प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे यह नकली पनीर लक्सर निवासी बाबर और नेहरू कॉलोनी के दिनेश लूथरा से खरीदकर लाए थे। इस खेप को पछवादून इलाके में एक शादी की बुकिंग के लिए ले जाया जा रहा था। गिरोह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था।
मौके पर पहुंची खाद्य विभाग की टीम
पुलिस की सूचना पर वरिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी मनीष स्याना और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों ने जब पनीर और दही के सैंपल लिए, तो शुरुआती जांच में ही इनके नकली होने की पुष्टि हो गई। प्रशासन ने जनता की सेहत से खिलवाड़ को देखते हुए पूरे 300 किलो माल को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करवा दिया।
आरोपियों पर कानूनी शिकंजा
सेलाकुई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर बाबर और दिनेश की तलाश में दबिश दे रही है। एसएसपी ने साफ किया है कि जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और नियमित चेकिंग जारी रहेगी।



















