Champawat News : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चंपावत जिले के सीमांत नगर टनकपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शारदा नदी के तट पर स्थित घाट में आयोजित पारंपरिक माघ खिचड़ी भोज में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वहां मौजूद श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया और फिर स्थानीय नागरिकों के साथ जमीन पर बैठकर खिचड़ी का आनंद लिया।
खड़ी होली की धुनों पर थिरका टनकपुर
कार्यक्रम के दौरान टनकपुर की गलियां कुमाऊँनी लोकधुनों और ढोल-दमाऊँ की गूंज से सराबोर रहीं। मुख्यमंत्री धामी ने पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं के साथ घेरा बनाकर ‘खड़ी होली’ गायन में हिस्सा लिया। कुमाऊँ की इस प्राचीन लोक परंपरा में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय लोग बेहद उत्साहित नजर आए और पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्ति और उल्लास में डूब गया।
सामाजिक समरसता और लोक संस्कृति का संदेश
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि माघ मास श्रद्धा और संयम का प्रतीक है। उन्होंने जोर दिया कि खिचड़ी भोज जैसे आयोजन समाज में एकता और समरसता को सुदृढ़ करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़ी होली जैसी लोक विधाएं उत्तराखंड की असली पहचान हैं और सरकार इन विरासतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।



















