Hyundai Sales January 2026 : हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने नए साल 2026 का आगाज ऐतिहासिक आंकड़ों के साथ किया है। कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी अब तक की सबसे बड़ी मंथली सेल्स (Highest Monthly Sales) का रिकॉर्ड बना दिया है। जनवरी 2026 में हुंडई ने घरेलू बाजार में कुल 59,107 गाड़ियां बेचीं। यह आंकड़ा पिछले साल यानी जनवरी 2025 में बेची गई 54,003 यूनिट्स के मुकाबले 9.45% ज्यादा है।
एक्सपोर्ट को मिलाकर देखें तो कंपनी की कुल बिक्री 73,137 यूनिट्स तक पहुंच गई है, जो पिछले साल इसी महीने 65,603 यूनिट्स थी। कुल मिलाकर कंपनी ने सालाना आधार पर 11.48% की ग्रोथ हासिल की है।
वेन्यू और ऑरा की रिकॉर्ड तोड़ डिमांड
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे दो मॉडलों का सबसे बड़ा हाथ रहा—कॉम्पैक्ट SUV वेन्यू और कॉम्पैक्ट सेडान ऑरा। इन दोनों गाड़ियों ने अपने लॉन्च के बाद से अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री दर्ज की है। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी में वेन्यू की 12,413 यूनिट्स और ऑरा की 7,978 यूनिट्स बिकीं।
दिसंबर 2025 के सुस्त महीने के बाद यह उछाल काफी बड़ा है। दिसंबर में हुंडई ने घरेलू स्तर पर 42,416 गाड़ियां बेची थीं, लेकिन जनवरी 2026 में यह आंकड़ा 39.35% बढ़ गया। कंपनी का कहना है कि सप्लाई चेन में सुधार और एंट्री-लेवल सेडान व एसयूवी की नई मांग ने इस ग्रोथ को रफ्तार दी है।
विदेशी बाजारों में भी बढ़ा भरोसा
सिर्फ भारत ही नहीं, हुंडई ने विदेशी बाजारों में भी अपनी पकड़ मजबूत की है। जनवरी 2026 में कंपनी का एक्सपोर्ट 14,030 यूनिट्स रहा। यह जनवरी 2025 के 11,600 यूनिट्स के मुकाबले 20.95% की सीधी बढ़ोतरी है। यह आंकड़े साबित करते हैं कि भारत हुंडई के लिए एक प्रमुख ग्लोबल प्रोडक्शन हब बन चुका है।
कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने इस प्रदर्शन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 हुंडई इंडिया की यात्रा का एक अहम अध्याय है। 59,107 यूनिट्स की घरेलू बिक्री और कुल 73,137 यूनिट्स का आंकड़ा ब्रांड की लीडरशिप को दर्शाता है। उन्होंने इसे ग्राहकों और पार्टनर्स के भरोसे का परिणाम बताया है।



















