Mahindra Scorpio-N : अगर आप 2026 में नई महिंद्रा स्कॉर्पियो-N घर लाने की योजना बना रहे हैं, तो आपको अपना बजट बढ़ाना होगा। महिंद्रा ने अपनी इस लोकप्रिय एसयूवी की कीमतों में संशोधन कर दिया है।
नई दरें 17 जनवरी 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं। केवल कीमतों में ही बदलाव नहीं हुआ है, बल्कि कंपनी ने वेरिएंट लाइनअप में भी बड़ा फेरबदल किया है, जिसका सीधा असर खरीदारों के विकल्पों पर पड़ेगा।
अब कितनी ढीली होगी जेब?
कीमतों में हुए बदलाव के बाद स्कॉर्पियो-N की एक्स-शोरूम कीमत अब 13.49 लाख रुपये से शुरू होती है और टॉप मॉडल के लिए 24.52 लाख रुपये तक जाती है।
सबसे बड़ा उछाल टॉप-एंड वैरिएंट्स में देखने को मिला है। 2.2 लीटर टर्बो डीजल-ऑटोमैटिक इंजन वाले Z8L 4WD और Z8L 4WD कार्बन वैरिएंट खरीदने वालों को अब 35,500 रुपये अधिक चुकाने होंगे।
पेट्रोल और डीजल के अन्य मॉडल्स पर भी 20,000 से 30,000 रुपये तक का भार बढ़ा है। प्रतिशत के लिहाज से देखें तो बेस मॉडल खरीदने वालों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। पेट्रोल-मैनुअल बेस मॉडल (Z2) की कीमत में करीब 2.18% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो एंट्री-लेवल ग्राहकों के लिए एक बड़ा अंतर है।
लाइनअप में बड़ा बदलाव: क्या आया, क्या गया?
कीमतों से भी बड़ी खबर वेरियंट्स को लेकर है। महिंद्रा ने चुपके से मिड-रेंज के लोकप्रिय Z4 ऑटोमैटिक वैरिएंट्स को बंद कर दिया है। अब ग्राहकों को पेट्रोल या डीजल ऑटोमैटिक में Z4 का विकल्प नहीं मिलेगा। इसके अलावा डीजल मैनुअल में Z8T कार्बन और Z8T 4WD कार्बन वैरिएंट भी डिस्कंटीन्यू कर दिए गए हैं।
हालांकि, ग्राहकों को निराश होने की जरूरत नहीं है क्योंकि कुछ नए विकल्प भी आए हैं। कंपनी ने पेट्रोल मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों में नए Z8 और Z8 कार्बन वैरिएंट्स को शामिल किया है। यह कदम उन खरीदारों के लिए फायदेमंद हो सकता है जो Z8L के महंगे फीचर्स के बिना Z8 की पावर चाहते हैं।
इंजन और परफॉरमेंस में कोई बदलाव नहीं
इस प्राइस हाइक और लाइनअप में बदलाव के बावजूद गाड़ी की मकेनिकल क्षमताओं में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। यह एसयूवी पहले की तरह ही 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2 लीटर टर्बो डीजल इंजन विकल्पों के साथ अपनी धाक जमाए हुए है।



















