Mahindra XUV 7XO vs Hyundai Alcazar : महिंद्रा ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी लाइन-अप में विस्तार करते हुए नई XUV 7XO को भारतीय बाजार में उतार दिया है।
यह असल में कंपनी की फ्लैगशिप XUV700 का ही रीबैज्ड और अपडेटेड अवतार है, जिसे कंपनी ने नई डिजाइन फिलॉसफी के साथ पेश किया है। प्रीमियम थ्री-रो (3-row) एसयूवी सेगमेंट में इस नई गाड़ी का सीधा मुकाबला हुंडई अल्काजार (Hyundai Alcazar) से होगा।
कीमत का गणित
बाजार में पकड़ बनाने के लिए महिंद्रा ने कीमत को आक्रामक रखा है। XUV 7XO को कुल 6 ट्रिम ऑप्शन्स में पेश किया गया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 13.66 लाख रुपये से शुरू होकर 24.92 लाख रुपये तक जाती है।
दूसरी तरफ, हुंडई अल्काजार की कीमत 14.50 लाख से 21.21 लाख रुपये के बीच है। आंकड़ों को देखें तो शुरुआती कीमत में महिंद्रा सस्ती है, लेकिन टॉप मॉडल की रेस में हुंडई अल्काजार एक ज्यादा किफायती विकल्प नजर आती है।
साइज और रोड प्रेजेंस
सड़क पर गाड़ी की धमक उसके साइज से तय होती है और यहां महिंद्रा का पलड़ा भारी है। XUV 7XO, अल्काजार के मुकाबले 135 mm लंबी और 90 mm ज्यादा चौड़ी है।

ऊंचाई में भी इसे 45 mm की बढ़त मिली है, जो इसे ज्यादा मस्कुलर और दबंग लुक देती है। हालांकि, केबिन स्पेस तय करने वाले व्हीलबेस के मामले में अल्काजार 10 mm आगे है। यानी रोड प्रेजेंस में महिंद्रा और स्पेस मैनेजमेंट में हुंडई अपनी-अपनी जगह मजबूत हैं।
इंजन और पावर
इंजन के मोर्चे पर महिंद्रा ने कोई बदलाव नहीं किया है और इसमें XUV700 वाला ही पावरट्रेन मिलता है। दोनों एसयूवी पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प देती हैं। हुंडई अपने पेट्रोल वैरिएंट में 7-स्पीड DCT का खास विकल्प भी देती है।
मगर जब बात ताकत की आती है, तो XUV 7XO बाजी मार ले जाती है। इसका पेट्रोल और डीजल इंजन अल्काजार के मुकाबले ज्यादा पावर और टॉर्क जेनरेट करता है। जो खरीदार फीचर्स के साथ-साथ दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं, उनके लिए XUV 7XO एक बेहतर पैकेज बनकर उभरी है।










