Traffic Rule 2026 : सड़क पर गाड़ी चलाने वालों के लिए 1 जनवरी 2026 से एक बड़ा बदलाव लागू हो चुका है। अब ट्रैफिक नियम तोड़ना केवल जेब पर भारी नहीं पड़ेगा, बल्कि ड्राइविंग लाइसेंस (DL) पर भी सीधा असर डालेगा। नए नियमों के मुताबिक, अगर आप एक साल (12 महीने) के अंदर 5 या उससे ज्यादा बार ट्रैफिक नियम तोड़ते पकड़े जाते हैं, तो आपका लाइसेंस सस्पेंड या रद्द कर दिया जाएगा।
क्या है नया ‘5 चालान’ का नियम?
सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, आदतन नियम तोड़ने वालों (Habitual Offenders) की पहचान के लिए यह कदम उठाया गया है। यदि किसी ड्राइवर के खाते में साल भर में 5 से अधिक ट्रैफिक उल्लंघन दर्ज होते हैं, तो संबंधित लाइसेंसिंग अथॉरिटी (RTO या DTO) उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
शुरुआती तौर पर लाइसेंस को 3 महीने तक के लिए सस्पेंड किया जा सकता है। अगर मामला ज्यादा गंभीर हुआ, तो लाइसेंस पूरी तरह रद्द भी हो सकता है। सस्पेंशन की अवधि तय करने का अधिकार आरटीओ के पास होगा।
आरटीओ सीधे कार्रवाई नहीं करेगा

ड्राइवर्स के लिए राहत की बात यह है कि यह कार्रवाई एकतरफा नहीं होगी। नियम के तहत, लाइसेंस सस्पेंड करने से पहले लाइसेंस धारक को नोटिस भेजा जाएगा। ड्राइवर को अपनी सफाई पेश करने का पूरा मौका दिया जाएगा। आरटीओ द्वारा सुनवाई करने के बाद ही फाइनल फैसला लिया जाएगा कि लाइसेंस सस्पेंड करना है या नहीं।
ये 24 गलतियां पड़ेंगी भारी
सरकार ने कुल 24 तरह के ट्रैफिक अपराधों को इस श्रेणी में रखा है। इसमें छोटे-बड़े दोनों तरह के उल्लंघन शामिल हैं। अगर आप नीचे दी गई गलतियों का ‘कॉम्बिनेशन’ भी करते हैं, तो भी यह 5 की गिनती में आएगा:
- ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार)
- बिना हेलमेट या सीट बेल्ट गाड़ी चलाना
- रेड लाइट जंप करना
- गलत जगह पार्किंग (No Parking)
- ओवरलोडिंग
- गाड़ी के वैध कागज साथ न रखना
- चोरी या गंभीर अपराध में वाहन का इस्तेमाल
अब रिकॉर्ड खराब होने का डर
पहले लोग ट्रैफिक चालान भरकर निश्चिंत हो जाते थे, लेकिन अब सिस्टम बदल गया है। हर कटा हुआ चालान अब आपके परमानेंट रिकॉर्ड में जुड़ेगा। सरकार का उद्देश्य साफ है कि सिर्फ जुर्माना वसूलने के बजाय ड्राइवरों के व्यवहार में सुधार लाया जाए और सड़क हादसों में कमी की जाए।



















