Volkswagen Tayron R-Line : वोक्सवैगन ने भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम थ्री-रो (तीन कतार वाली) SUV सेगमेंट में जोरदार वापसी का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इंडिया-स्पेक ‘टैरोन R-लाइन’ को पेश किया है।
यह वोक्सवैगन की फ्लैगशिप SUV होगी, जिसे CKD (Completely Knocked Down) रूट के जरिए भारत लाया जाएगा। 45 से 50 लाख रुपए की अनुमानित कीमत वाली इस गाड़ी का लॉन्च अगले कुछ महीनों में संभावित है।
प्रॉपर 7-सीटर लेआउट और बोल्ड लुक
नई टैरोन को कंपनी के MQB EVO आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है। इसका आकार मौजूदा टिगुआन से काफी बड़ा है। 4,770mm की लंबाई और 2,789mm के व्हीलबेस के साथ यह अपने सेगमेंट की सबसे बड़ी गाड़ियों में शुमार है।
इसका व्हीलबेस टिगुआन से 109mm ज्यादा है, जिससे तीसरी कतार में बैठने वालों को भी ठीक-ठाक जगह मिलती है। बाहर से देखने में R-लाइन बंपर, इल्यूमिनेटेड LED लाइट्स और 19-इंच के कोवेंट्री एलॉय व्हील्स इसे एक मस्कुलर और एथलेटिक लुक देते हैं।
टेक्नोलॉजी और कम्फर्ट पर खास फोकस
वोक्सवैगन ने इस बार केबिन के अनुभव को पूरी तरह बदल दिया है। डैशबोर्ड पर ड्राइवर की ओर झुका हुआ 15-इंच का विशाल फ्लोटिंग टचस्क्रीन इसका मुख्य आकर्षण है। इसके अलावा 10.25-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 30-कलर एम्बिएंट लाइटिंग इसे लक्जरी अहसास देते हैं।
भारतीय मौसम और सड़कों को ध्यान में रखते हुए, कंपनी ने अगली सीटों में ‘ergoActive Plus’ सेटअप दिया है। इसमें वेरेना लेदर के साथ एक्टिव वेंटिलेशन और 10-पॉइंट प्रेशर मसाज फंक्शन मिलता है, जो लंबी दूरी के सफर को बेहद आरामदायक बना देगा।
इंजन, सेफ्टी और मुकाबला
यूरोप में ‘गोल्डन स्टीयरिंग व्हील 2025’ और 5-स्टार यूरो NCAP सेफ्टी रेटिंग हासिल कर चुकी यह SUV सुरक्षा के मामले में बेजोड़ है। हुड के नीचे, इसमें 2.0-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो 204bhp की पावर और 320Nm का टॉर्क जनरेट करेगा।
इसे 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स और 4MOTION (ऑल-व्हील-ड्राइव) सिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा। भारतीय बाजार में टैरोन का सीधा मुकाबला स्कोडा कोडिएक, जीप मेरिडियन और MG ग्लॉस्टर जैसी स्थापित गाड़ियों से होगा।



















