Yamaha EC 06 Electric Scooter : जापान की दिग्गज टू-व्हीलर कंपनी यामाहा ने भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर, Yamaha EC-06 का प्रोडक्शन आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है। इसका निर्माण कर्नाटक स्थित रिवर मोबिलिटी के होसकोटे प्लांट में किया जा रहा है।
होंडा और सुजुकी से अलग है यामाहा की रणनीति
इलेक्ट्रिक सेगमेंट में जापानी कंपनियों की एंट्री अब तक मिली-जुली रही है। होंडा ने एक्टिवा ई और QC1 के साथ शुरुआत की, लेकिन महंगे सब्सक्रिप्शन मॉडल और प्रीमियम कीमत के कारण उन्हें कदम पीछे खींचने पड़े। वहीं, सुजुकी ने हाल ही में ई-एक्सेस को 1.88 लाख रुपये की ऊंची कीमत पर लॉन्च किया है।
इनके विपरीत, यामाहा ने एक समझदारी भरा और अलग रास्ता अपनाया है। कंपनी ने बेंगलुरु की स्टार्टअप ‘रिवर मोबिलिटी’ के साथ साझेदारी की है। इस स्ट्रैटेजी के तहत यामाहा ने स्क्रैच से शुरुआत करने के बजाय एक सफल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया है, जिससे लागत और समय दोनों की बचत होगी।
रिवर इंडी से कितना अलग है नया स्कूटर?
नवंबर 2025 में पेश किया गया EC-06 तकनीकी रूप से रिवर इंडी स्कूटर पर आधारित है, लेकिन यह महज उसका ‘रीबैज्ड’ (सिर्फ नाम बदला हुआ) वर्जन नहीं है। यामाहा ने इसे अपनी खास डिजाइन लैंग्वेज दी है।
स्कूटर में वर्टिकली स्टैक्ड (लंबवत) LED हेडलाइट्स दी गई हैं जो इसे आक्रामक लुक देती हैं। इसके अलावा, एप्रन और साइड बॉडी पैनल्स को पूरी तरह से नया रूप दिया गया है। रिवर इंडी की तुलना में इसमें छोटी सीट और थोड़ा अलग अंडर-सीट स्टोरेज दिया गया है। सबसे खास बात इसकी रेंज है, जो सिंगल चार्ज पर 160 किलोमीटर बताई गई है।
जल्द हो सकता है फॉर्मल लॉन्च
प्रोडक्शन लाइन पर काम शुरू होने के बाद माना जा रहा है कि यामाहा जल्द ही इस स्कूटर को भारतीय बाजार में औपचारिक रूप से लॉन्च कर देगी। यह साझेदारी यामाहा को तेजी से बढ़ते भारतीय ईवी बाजार में स्थापित करने में मदद कर सकती है, जहां डिजाइन और रेंज ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं।



















