Apple AirTag 2 : ऐपल (Apple) ने अपने पॉपुलर ट्रैकिंग डिवाइस का अपडेटेड वर्जन AirTag 2 मार्केट में उतार दिया है। कंपनी ने इसमें हार्डवेयर से जुड़े कई बड़े बदलाव किए हैं, लेकिन कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की है।
नए एयरटैग में ऐपल की सेकेंड जेनरेशन अल्ट्रा वाइडबैंड चिप का इस्तेमाल किया गया है। यह वही पावरफुल चिप है जो iPhone 17, Apple Watch Ultra 3 और Apple Watch Series 11 में मिल रही है।
50% बढ़ गई ढूंढने की रेंज
नई चिप की बदौलत AirTag 2 की ‘प्रीसिजन फाइंडिंग’ (Precision Finding) रेंज में 50% का इजाफा हुआ है। इसका मतलब है कि यूजर अपने iPhone से अब ज्यादा दूरी से ही खोए हुए सामान को सटीक ट्रैक कर पाएंगे।
इसके अलावा, ऐपल ने कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए ब्लूटूथ चिप को भी अपग्रेड किया है। अब Apple Watch Series 9, Ultra 2 या नए मॉडल्स पहनने वाले यूजर्स सीधे अपनी कलाई (घड़ी) से ही सामान को ट्रैक कर सकेंगे। डिवाइस वाइब्रेशन (हैप्टिक), स्क्रीन पर विजुअल और ऑडियो फीडबैक के जरिए यूजर को सामान तक पहुंचाता है।
सोफे के नीचे भी सुनाई देगी आवाज
पुराने एयरटैग यूजर्स की एक शिकायत आवाज को लेकर थी, जिसे ऐपल ने इस बार दूर कर दिया है। कंपनी का दावा है कि AirTag 2 का इंटरनल स्पीकर 50% अधिक तेज है। अगर आपका ट्रैकर किसी फर्नीचर के नीचे दबा है या भरे हुए बैग के अंदर है, तो भी उसकी अलर्ट साउंड अब साफ सुनाई देगी।
हवाई सफर में नहीं खोएगा सामान
ऐपल ने हार्डवेयर के साथ ‘Share Item Location’ फीचर को भी अपडेट किया है। अब यूजर्स अपने एयरटैग की लोकेशन को एयरलाइन कर्मचारियों जैसी भरोसेमंद थर्ड पार्टीज के साथ सुरक्षित तरीके से शेयर कर सकते हैं।
इस प्रोग्राम में 50 से ज्यादा एयरलाइंस शामिल हो चुकी हैं। शुरुआती SITA डेटा बताता है कि इस फीचर के इस्तेमाल से सामान में देरी के मामलों में 26% और सामान न मिलने की घटनाओं में 90% तक की कमी आई है।
कीमत और जरूरी शर्तें
नए फीचर्स के बावजूद AirTag 2 की कीमत में कोई बदलाव नहीं है। भारत में एक यूनिट 3,790 रुपये और चार यूनिट का पैक 12,900 रुपये में उपलब्ध है। ऑनलाइन ऑर्डर पर फ्री पर्सनलाइज्ड एनग्रेविंग (नाम लिखवाना) की सुविधा भी मिल रही है।
हालांकि, इसे इस्तेमाल करने के लिए आपके पास iOS 26 वाला iPhone या iPadOS 26 वाला iPad होना जरूरी है। ऐपल ने इसके साथ फाइनवोवन की-रिंग ऐक्सेसरी भी पेश की है, जो 3,900 रुपये में अलग से मिलेगी।



















