दिग्गज टेलिकॉम कंपनी एयरटेल ने अपने ग्राहकों के लिए प्रीमियम बेनिफिट्स पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने पिछले साल लॉन्च किए गए महंगे ‘Perplexity Pro’ ऑफर को डिस्कंटिन्यू कर दिया है।
टेलिकॉम टॉक की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरटेल ने पहले ही साफ कर दिया था कि 17 हजार रुपये की वैल्यू वाला यह AI सब्सक्रिप्शन 16 जनवरी 2026 तक ही वैध रहेगा।
एडोब एक्सप्रेस प्रीमियम की एंट्री
Perplexity Pro का सफर खत्म होते ही एयरटेल ने क्रिएटिविटी के शौकीनों के लिए ‘Adobe Express Premium’ का नया ऑफर पेश कर दिया है। इस सब्सक्रिप्शन की बाजार में कीमत करीब 4 हजार रुपये है, जिसे अब कंपनी अपने पोर्टफोलियो के सबसे किफायती प्लान्स के साथ क्लब कर रही है। एयरटेल का लक्ष्य अब उन यूजर्स को लुभाना है जो मोबाइल पर ही डिजाइनिंग और एडिटिंग जैसे काम करते हैं।
सस्ते प्लान्स में मिलेंगे ये फायदे
एयरटेल ने 199 रुपये के शुरुआती रिचार्ज प्लान में इस प्रीमियम सुविधा को जोड़ा है। 28 दिन की वैलिडिटी वाले इस प्लान में 2GB डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ 12 महीने का एडोब एक्सेस मिलता है। इसके अलावा 219 रुपये वाले प्लान में 3GB कुल डेटा और 299 रुपये वाले प्लान में डेली 1GB डेटा के साथ भी कंपनी एक साल के लिए एडोब एक्सप्रेस प्रीमियम का फ्री एक्सेस दे रही है।



















