Blaupunkt BH71 Moksha : म्यूजिक और गेमिंग के शौकीनों के लिए Blaupunkt ने भारतीय बाजार में अपना सबसे एडवांस ऑडियो डिवाइस उतार दिया है। कंपनी ने नया ‘BH71 मोक्ष’ (BH71 Moksha) हाइब्रिड ANC हेडफोन लॉन्च किया है।
ब्लैक और गोल्डन फिनिश वाले इस हेडफोन में ऐसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो आमतौर पर एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में देखी जाती है।
क्या है कीमत और कहां मिलेगा?
लॉन्च ऑफर के तहत कंपनी ने इसकी कीमत काफी आक्रामक रखी है। इस हेडफोन की एमआरपी 8,999 रुपये है, लेकिन फिलहाल यह 44 फीसदी डिस्काउंट के साथ 4,999 रुपये में मिल रहा है। ग्राहक इसे ई-कॉमर्स साइट अमेजन और Blaupunkt की आधिकारिक वेबसाइट से खरीद सकते हैं।
सिर के इशारे पर बदलेगा साउंड
कंपनी का दावा है कि यह भारत का पहला ऐसा ब्लूटूथ हेडफोन है जिसमें ‘जायरो हेड ट्रैकिंग’ (Gyro Head Tracking) फीचर दिया गया है। यह तकनीक रियल टाइम में यूजर के सिर की हरकतों को ट्रैक करती है। जैसे ही आप अपना सिर हिलाते हैं, इसके सेंसर साउंडस्टेज को उसी दिशा में एडजस्ट कर देते हैं।
इसमें दिया गया 360-डिग्री स्पैटियल ऑडियो आपको सिनेमा हॉल जैसा अनुभव देता है। इसमें एक हाई-परफॉर्मेंस RTL ऑडियो चिपसेट लगा है, जो थ्री-डाइमेंशनल ऑडियो इफेक्ट पैदा करता है। इससे म्यूजिक सुनते समय या फिल्म देखते समय आवाज चारों तरफ से आती हुई महसूस होती है।
शोरगुल से मिलेगी ‘मोक्ष’
भारतीय शहरों के शोर को ध्यान में रखते हुए इसमें हाइब्रिड ट्रू एएनसी (ANC) दिया गया है। इसमें लगे चार प्रीमियम AI माइक्रोफोन बाहर के शोर को पहचानकर उसे खत्म कर देते हैं। चाहे आप मेट्रो में हों, भीड़भाड़ वाली सड़क पर या ऑफिस में, यह आपको बाहरी आवाजों से पूरी तरह काट देता है।
गेमर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए इसमें 28ms से भी कम की अल्ट्रा-लो लेटेंसी दी गई है। इसका मतलब है कि गेम खेलते समय वीडियो और ऑडियो में कोई देरी (lag) महसूस नहीं होगी। लंबे समय तक उपयोग के लिए इसमें मेमोरी सॉफ्ट प्रोटीन ईयर पैड्स और पैडेड हेडबैंड दिए गए हैं।



















