iPhone 18 Pro : एप्पल इस साल अपने प्रोडक्ट लाइनअप को पूरी तरह से बदलने जा रहा है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी 2026 में 20 से ज्यादा नए डिवाइस बाजार में उतारने की योजना बना रही है। इसमें न केवल आईफोन और आईपैड शामिल हैं, बल्कि मैक, वियरेबल्स और नए स्मार्ट होम प्रोडक्ट्स की एक लंबी लिस्ट तैयार की गई है।
शुरुआती महीनों में कंपनी iPhone 17e को पेश कर सकती है, जो A19 चिप और डायनामिक आइलैंड जैसे फीचर्स के साथ आएगा। यह डिवाइस पुराने ‘e’ मॉडल्स के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसी दौरान iPad Air को भी M3 से हटाकर M4 चिप पर अपग्रेड किया जा सकता है।
किफायती मैकबुक और पावरफुल डेस्कटॉप
मैक यूजर्स के लिए यह साल काफी हलचल भरा रहने वाला है। एप्पल कथित तौर पर एक सस्ता MacBook बना रहा है जिसमें A18 Pro चिप और 12.9 इंच का डिस्प्ले होगा। यह खास तौर पर छात्रों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वहीं प्रोफेशनल यूजर्स के लिए M5 Pro और M5 Max प्रोसेसर वाले नए MacBook Pro आ सकते हैं।
डेस्कटॉप सेगमेंट में Mac Studio को M5 Max और M5 Ultra चिप्स के साथ रिफ्रेश किया जाएगा। इसके साथ ही Studio Display में भी बड़े बदलाव की उम्मीद है। इसमें 120Hz प्रोमोशन रिफ्रेश रेट और मिनी-एलईडी बैकलाइटिंग जैसे फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं जो बेहतर विजुअल क्वालिटी प्रदान करेंगे।
स्मार्ट होम हब और सिक्योरिटी कैमरा
एप्पल अब आपके घरों के अंदर अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। साल के मध्य तक एक नया स्मार्ट होम हब लॉन्च हो सकता है जिसमें 7 इंच का डिस्प्ले होगा। इस डिवाइस को दीवार पर लगाया जा सकेगा और यह फेसटाइम के साथ-साथ सिरी के पर्सनलाइज्ड वर्जन को सपोर्ट करेगा।
घर की सुरक्षा के लिए कंपनी अपना पहला होमकिट-इनेबल्ड सिक्योरिटी कैमरा भी ला सकती है। यह कैमरा नए स्मार्ट हब के साथ सिंक होकर काम करेगा। इसके अलावा, एप्पल टीवी और होमपॉड मिनी जैसे पुराने प्रोडक्ट्स को भी इस साल बड़े अपडेट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
आईफोन 18 सीरीज और पहला फोल्डेबल फोन
साल का दूसरा हिस्सा आईफोन प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा होने वाला है। iPhone 18 Pro और Pro Max को A20 Pro चिप और इन-हाउस C2 5G मॉडेम के साथ लॉन्च किया जाएगा। इन मॉडल्स में सैटेलाइट के जरिए वेब ब्राउजिंग और रियर कैमरे के लिए वेरिएबल अपर्चर जैसी आधुनिक तकनीक देखने को मिल सकती है।
सबसे ज्यादा चर्चा एप्पल के पहले फोल्डेबल आईफोन की है, जो साल के अंत तक दस्तक दे सकता है। इसमें 7.7 इंच की बड़ी स्क्रीन और 5.3 इंच का कवर डिस्प्ले होने की बात कही गई है। सुरक्षा के लिए इसमें फेस आईडी की जगह पावर बटन में ही टच आईडी दी जा सकती है।



















