भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में हाइब्रिड और ऑफ-रोड लुक वाली गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी पसंद को ध्यान में रखते हुए JSW Motors अपनी पहली SUV पेश करने की तैयारी में है।
यह गाड़ी ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली Jetour T2 पर आधारित है। हाल ही में इस SUV के प्रोडक्शन रेडी मॉडल को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन और फीचर्स से जुड़ी कई खास बातें सामने आई हैं।
रफ एंड टफ बॉक्सी एक्सटीरियर
दिखने में यह SUV काफी मस्कुलर और चौकोर डिजाइन के साथ आती है। सामने की तरफ 5-स्लैट ग्रिल, चौकोर एलईडी हेडलैंप्स, डे-टाइम रनिंग लाइट्स और नीचे मजबूत बंपर पर लगे फॉग लैंप्स इसे बोल्ड स्टांस देते हैं।
साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें बड़े 20-इंच के अलॉय व्हील्स, पारंपरिक डोर हैंडल्स और गाड़ी पर चढ़ने के लिए साइड स्टेप्स दिए गए हैं। छत पर लंबी रूफ रेल्स और पीछे टेलगेट पर लगा स्क्वायर शेप स्पेयर व्हील कवर इसे क्लासिक ऑफ-रोडर जैसा लुक देते हैं।
केबिन में बड़ा डिस्प्ले और लग्जरी फील

गाड़ी के अंदर बैठते ही सबसे पहले ध्यान डैशबोर्ड के सेंटर में लगी 15.6-इंच की बड़ी टचस्क्रीन पर जाता है। ड्राइवर के सामने 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिसमें सफर से जुड़ी जरूरी जानकारियां साफ नजर आती हैं।
सेंटर कंसोल का डिजाइन काफी आधुनिक है, जहां क्रिस्टल जैसा गियर नॉब और मजबूत ग्रिप वाले एलिमेंट्स देखने को मिलते हैं। टेस्टिंग मॉडल में रेड स्टिचिंग के साथ ब्लैक इंटीरियर दिखा है, लेकिन उम्मीद है कि भारतीय ग्राहकों के लिए कंपनी अन्य कलर थीम के विकल्प भी देगी।
सेफ्टी में ADAS और 360 डिग्री कैमरा
सुरक्षा के मामले में भी यह SUV काफी अपडेटेड नजर आती है। सामने के शीशे पर लगे कैमरे से साफ है कि इसमें एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) मिलेगा। इसके अलावा रियर ग्लास पर ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग का अलर्ट भी देखा गया है।
रोजमर्रा के ड्राइविंग को आसान बनाने के लिए इसमें 360-डिग्री सराउंड कैमरा, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर्स, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और अलग-अलग ड्राइविंग मोड्स दिए जाने की संभावना है।
प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन और माइलेज का तालमेल
टेस्टिंग के दौरान दिखा मॉडल प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक से लैस है। इसमें 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी पैक का सेटअप दिया गया है। यह इंजन 156 PS की पावर और 220 Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जिसे खास 3-स्पीड हाइब्रिड गियरबॉक्स के जरिए फ्रंट व्हील्स तक भेजा जाता है।
प्लग-इन हाइब्रिड का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि इसे जरूरत पड़ने पर कुछ दूरी तक पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड में भी चलाया जा सकता है, जिससे शहर के ट्रैफिक में बेहतर माइलेज मिलता है।
संभावित कीमत और कब तक होगी लॉन्च?
कंपनी इस SUV को एक नए नाम के साथ भारतीय बाजार में उतारेगी। उम्मीद की जा रही है कि इसे इस साल के अंत तक पेश किया जा सकता है।
इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 20 लाख रुपये से लेकर 25 लाख रुपये के बीच रहने का अनुमान है। लॉन्च होने के बाद यह उन खरीदारों के लिए एक नया विकल्प बनेगी जो मजबूत लुक के साथ हाइब्रिड तकनीक की तलाश कर रहे हैं।











