देहरादून आईएसबीटी पर जिलाधिकारी सविन बंसल के दौरे का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। निरीक्षण के तुरंत बाद प्रशासन ने यहां लंबे समय से बंद निकासी गेट को खोल दिया है और उसकी मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी ने अपनी विजिट के दौरान बंद गेट और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर गहरी नाराजगी जताई थी। अब उनके आदेश पर फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। सड़क किनारे खाली पड़ी जमीन का इस्तेमाल अब व्यवस्थित पार्किंग के लिए होगा। वहां टाइलें बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है ताकि वाहन चालक मुख्य सड़क पर गाड़ियां खड़ी न करें।
इसके अलावा क्रॉसओवर निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका है। इससे बस अड्डे के बाहर लगने वाले जाम और यातायात के भारी दबाव से लोगों को राहत मिलेगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संबंधित विभाग अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। योजना के मुताबिक फ्लाईओवर के नीचे कलर कोड आधारित आधुनिक पार्किंग सिस्टम तैयार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। काम के दौरान यात्रियों और आम जनता को कम से कम परेशानी हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला प्रशासन अब पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है ताकि आईएसबीटी को यात्री-अनुकूल बनाया जा सके।



















