CM Helpline Uttarakhand : देहरादून में सीएम हेल्पलाइन 1905 का असर धरातल पर दिखाई दिया है। केवल एक शिकायत पर सरकारी सिस्टम न सिर्फ हरकत में आया, बल्कि सरकारी दफ्तर खुद चलकर बुजुर्ग के दरवाजे तक पहुंच गया। मामला देहरादून के पटेल नगर (देहरा खास) का है, जहां प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग महिला उर्मिला सुमन की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी है।
घर पर ही तैयार हुए दस्तावेज
देहरा खास निवासी वरिष्ठ नागरिक आर्य सुमन अपनी पत्नी उर्मिला सुमन की वृद्धावस्था पेंशन न मिलने से परेशान थे। उन्होंने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी सविन बंसल की निगरानी के चलते समाज कल्याण विभाग ने इस मामले को प्राथमिकता पर लिया।
हैरानी और राहत की बात यह रही कि बुजुर्ग दंपती को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़े। शिकायत मिलते ही विभागीय अधिकारी सीधे उनके घर पहुंचे। अधिकारियों ने न केवल दस्तावेजों की जांच की, बल्कि मौके पर ही “अपणी सरकार” पोर्टल के माध्यम से जरूरी आय प्रमाण पत्र भी तैयार करवाया। यह पूरी प्रक्रिया घर बैठे ही पूरी की गई।
चार दिन में मिली खुशखबरी
श्रीमती उर्मिला सुमन ने बताया कि उनके पति ने कुछ दिन पहले ही शिकायत दर्ज कराई थी। प्रशासन की टीम घर आई और सारी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद महज चार दिनों के भीतर जिला समाज कल्याण अधिकारी ने उन्हें सूचित किया कि उनकी पेंशन स्वीकृत हो गई है और जल्द ही मिलनी शुरू हो जाएगी। उर्मिला और उनके पति आर्य सुमन ने इस संवेदनशीलता के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार जताया है।
प्रशासन का ‘ग्राउंड जीरो’ एक्शन
वार्ड-72 के पार्षद आलोक कुमार ने पुष्टि की कि पोर्टल पर शिकायत आते ही विभाग ने सक्रियता दिखाई और घर जाकर दस्तावेज तैयार किए। वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने जानकारी दी कि राजस्व विभाग के सहयोग से आय प्रमाण पत्र और अन्य कागज तैयार कर पेंशन स्वीकृत कर दी गई है। यह मामला नज़ीर है कि कैसे प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर रहा है।



















