8th Pay Commission : केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के गठन और सिफारिशों को लेकर हलचल बढ़ गई है. नेशनल फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशन (FNPO) ने कर्मचारियों के वेतन ढांचे में बड़े बदलावों की मांग रखी है.
संगठन ने नेशनल काउंसिल (JCM स्टाफ साइड) को पत्र लिखकर सिफारिश की है कि इस बार सभी कर्मचारियों के लिए एक जैसा फिटमेंट फैक्टर नहीं होना चाहिए. FNPO ने ग्रुप A, B, C और D के कर्मचारियों के लिए उनकी श्रेणी के अनुसार फिटमेंट फैक्टर 3.0 से 3.25 के बीच तय करने का प्रस्ताव दिया है.
अलग-अलग लेवल के लिए अलग फिटमेंट फैक्टर
FNPO के महासचिव शिवाजी वासिरेड्डी के मुताबिक, पिछले वेतन आयोगों में सभी स्तरों के लिए समान फिटमेंट फैक्टर रखने से विसंगतियां हुई थीं. इसलिए इस बार प्रस्ताव में लेवल 1 से 5 तक के कर्मचारियों के लिए 3.0, मिडिल लेवल के लिए 3.05 से 3.10 और टॉप लेवल के लिए 3.25 फिटमेंट फैक्टर की मांग की गई है. यदि यह मांग मानी जाती है, तो लेवल-1 के कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर सीधे 54,000 रुपये हो जाएगी.
संगठन ने अपनी यह गणना एक्रॉयड फॉर्मूला (Dr. Aykroyd Formula) के आधार पर तैयार की है. यह फॉर्मूला चार सदस्यों वाले परिवार की बुनियादी जरूरतों जैसे भोजन, कपड़ा, मकान और जीवन-यापन की न्यूनतम लागत को ध्यान में रखकर बनाया गया है.
इंक्रीमेंट और पे मैट्रिक्स पर जोर
वेतन बढ़ोतरी के अलावा, FNPO ने सालाना इंक्रीमेंट को मौजूदा 3% से बढ़ाकर 5% करने का सुझाव दिया है. संगठन का तर्क है कि इससे सरकारी वेतन ढांचा प्राइवेट सेक्टर के प्रतिस्पर्धी बनेगा और कर्मचारियों में संतोष बढ़ेगा.
यह बदलाव खास तौर पर ग्रुप C और D कर्मचारियों के लिए लाभकारी होगा, जिनके पास प्रमोशन के मौके सीमित होते हैं. साथ ही, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स सिस्टम को ही आगे भी जारी रखने की बात कही गई है.
25 फरवरी 2026 को बड़ा फैसला
FNPO ने वेतनमान, भत्ते और प्रमोशन जैसे मुद्दों पर भी अपने सुझाव सौंपे हैं. शिवाजी वासिरेड्डी ने जानकारी दी है कि सभी कर्मचारी संगठनों से मिले सुझावों पर विचार करने के लिए 25 फरवरी 2026 को NCJCM की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है.
इस बैठक में चर्चा के बाद एक फाइनल ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा, जिसे बाद में 8वें वेतन आयोग की चेयरपर्सन रंजना प्रकाश देसाई को सौंपा जाएगा.



















