Share Market Update : आम बजट के बाद दलाल स्ट्रीट का मूड पूरी तरह बिगड़ा हुआ नजर आ रहा है. रविवार को ऐतिहासिक गिरावट झेलने के बाद सोमवार को भी भारतीय शेयर बाजार संभल नहीं पाया.
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन निवेशकों ने भारी उठापटक का सामना किया. सेंसेक्स और निफ्टी कमजोरी के साथ खुले, फिर अचानक रॉकेट की रफ्तार पकड़ी, लेकिन यह जोश चंद मिनटों में ठंडा पड़ गया. STT (सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स) में बढ़ोतरी का डर अब भी हावी है.
466 अंकों की रिकवरी और फिर यू-टर्न
सोमवार को बाजार खुलते ही लाल निशान में था, लेकिन कुछ ही देर में खरीदारों की एंट्री हुई. देखते ही देखते बीएसई सेंसेक्स ने 466 अंकों की जोरदार छलांग लगाई और 81,200 का स्तर पार कर लिया. निफ्टी ने भी दम दिखाया और 24,900 के अहम लेवल को छू लिया. इस अचानक आई तेजी ने निवेशकों को उम्मीद की किरण दिखाई कि शायद बाजार अब बजट के झटके से उबर रहा है, मगर यह राहत बहुत छोटी साबित हुई.
11 लाख करोड़ डूबने का डर कायम
बाजार में यह अस्थिरता रविवार की तबाही का सीधा असर है. बजट वाले दिन सेंसेक्स 2400 अंक और निफ्टी 750 अंक टूट गया था. उस एक सत्र में निवेशकों की संपत्ति से करीब 11 लाख करोड़ रुपये साफ हो गए थे. सोमवार को जैसे ही बाजार ऊपर गया, डरे हुए निवेशकों ने रिस्क लेने के बजाय मुनाफावसूली (Profit Booking) करना बेहतर समझा. यही वजह रही कि इंडेक्स अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख सके और दोबारा लाल निशान में लौट आए.
STT का असर और बाजार की चाल
विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार अभी तक STT बढ़ोतरी के गणित को पूरी तरह पचा नहीं पाया है. खासतौर पर फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) और हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग करने वालों के लिए लागत बढ़ गई है, जिससे बाजार में घबराहट है. जब तक इस टैक्स का पूरा असर साफ नहीं होता, बाजार में ऐसी ही ‘वॉलेटिलिटी’ देखने को मिल सकती है.
इन शेयरों ने दिखाई हिम्मत
भारी उतार-चढ़ाव के बीच कुछ चुनिंदा शेयरों ने निवेशकों का भरोसा बनाए रखा. लार्जकैप में अदाणी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स और एलएंडटी मजबूती के साथ डटे रहे. मिडकैप में जीएमआर एयरपोर्ट, भारत फोर्ज, डिक्सन और एचपी ने अच्छी बढ़त दिखाई. वहीं, स्मॉलकैप सेगमेंट में हिंदुस्तान कॉपर और आईआईएफएल के शेयरों में खरीदारी देखी गई, जिन्होंने गिरते बाजार को थोड़ा सहारा दिया.



















