Soft Roti Tips : घर में अक्सर सुबह ही टिफिन और दोपहर के खाने के लिए रोटियां बनाकर रख ली जाती हैं। लेकिन कुछ समय बाद जब खाने बैठो, तो रोटी सूखकर सख्त हो जाती है।
कई बार तो यह इतनी कड़क हो जाती है कि चबाना भी मुश्किल होता है। रोटी के कड़क होने की मुख्य वजह उसकी नमी का खत्म होना है।
अगर बनाते और रखते वक्त कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, तो आपकी रोटी घंटों तक बिल्कुल ताजी और मुलायम बनी रहेगी।
सूती कपड़े का इस्तेमाल करें
तवे से रोटी उतारते ही उसे कुछ मिनटों के लिए खुली हवा में न छोड़ें। हल्की गर्म रहते ही उसे किसी साफ सूती कपड़े में लपेटकर रखें।
कपड़ा रोटी की भाप से बनने वाले पानी को सोख लेता है और नमी को बाहर नहीं जाने देता। इसके बाद ही रोटी को कैसरोल या डिब्बे में बंद करें।
घी या पानी की हल्की परत
अगर आपको घी या बटर पसंद है, तो सेकने के तुरंत बाद रोटी पर इसकी हल्की परत लगा दें। यह रोटी के ऊपर एक सुरक्षा परत बना देता है, जिससे अंदर की नमी बनी रहती है।
अगर आप घी इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो रोटी सेकने के बाद अपने हाथों को हल्का सा गीला करके रोटी पर फिरा सकते हैं।
कैसरोल में रखने का सही तरीका
रोटी को गर्म और सॉफ्ट रखने के लिए कैसरोल सबसे बेहतर माना जाता है। लेकिन रोटी को कभी भी सीधे कैसरोल के अंदर न रखें।
हमेशा पहले नीचे सूती कपड़ा बिछाएं, फिर रोटियां रखें और ऊपर से कपड़े से ढंककर ही ढक्कन बंद करें। इससे कैसरोल की तली में पानी नहीं जमेगा और नीचे की रोटी गीली नहीं होगी।
टिफिन पैकिंग के लिए टिप्स
ऑफिस या स्कूल के लिए टिफिन पैक करते समय रोटी को बटर पेपर या एल्युमिनियम फॉयल में लपेटें। इससे रोटी की रंगत और नरमी दोनों बनी रहती है।
ध्यान रखें कि टिफिन में रोटियों को बहुत ज्यादा दबाकर न ठूंसें। हल्का स्पेस रहने से वे आपस में चिपकेंगी नहीं।
फ्रिज में स्टोर करते समय न करें ये गलती
अगर बची हुई रोटी को बाद में इस्तेमाल के लिए फ्रिज में रखना है, तो उसे कभी भी खुला न छोड़ें।
रोटियों को सूती कपड़े में लपेटकर किसी एयरटाइट डिब्बे में बंद करके ही फ्रिज में रखें।
दोबारा खाते समय तवे पर हल्का सा पानी छिड़ककर गर्म करें, रोटी फिर से बिल्कुल सॉफ्ट हो जाएगी।







