Fruits Health Mistakes : चाहे सर्दी हो या गर्मी, खाने-पीने की चीजों को खराब होने से बचाने के लिए हमारा पहला भरोसा फ्रिज पर ही होता है। हम मानते हैं कि फ्रिज में फल और सब्जियां लंबे समय तक फ्रेश रहेंगी।
लेकिन, यह धारणा हर फल पर लागू नहीं होती। विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ चुनिंदा फल ऐसे हैं जो फ्रिज के तापमान (Temperature) को बर्दाश्त नहीं कर पाते।
इन्हें फ्रिज में रखने से ये न केवल जल्दी खराब होते हैं, बल्कि कई बार टॉक्सिक (विषाक्त) होकर आपकी सेहत बिगाड़ सकते हैं। जानिए किन फलों को फ्रिज से दूर रखना चाहिए।
केला: दूसरे फलों का भी दुश्मन
केला एक ऐसा फल है जो लगभग हर घर में आता है। अक्सर लोग इसे ज्यादा दिन चलाने के लिए फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन यह गलत है। फ्रिज में केला बहुत जल्दी काला पड़कर खराब होने लगता है।
इसके डंठल से ‘एथिलीन गैस’ निकलती है। यह गैस न केवल केले को गलाती है, बल्कि अगर इसके पास कोई और फल रखा हो, तो उसे भी तेजी से पकाकर सड़ा देती है। इसलिए केले को हमेशा खुली हवा में ही रखें।
खट्टे फल: ठंडक में सूख जाता है रस
संतरा, नींबू, मौसमी और स्ट्रॉबेरी जैसे फलों में नेचुरल एसिड की मात्रा काफी ज्यादा होती है। ये फल फ्रिज की सीधी ठंडक बर्दाश्त नहीं कर पाते।
कम तापमान में इनका रस सूखने लगता है और ये बेस्वाद हो जाते हैं। इनका एसिडिक नेचर पास रखे दूसरे फलों की फ्रेशनेस पर भी बुरा असर डालता है।
सेब: रखने का तरीका जानना जरूरी
सेब को लेकर अक्सर लोग गलती करते हैं। सेब में ‘एक्टिव एंजाइम’ पाए जाते हैं, जो इसे बहुत जल्दी पका देते हैं। अगर आप इसे खुला फ्रिज में रखते हैं, तो यह खुद तो खराब होगा ही, साथ में रखे अन्य फलों को भी खराब कर देगा।
यदि सेब को फ्रिज में रखना मजबूरी हो, तो इसे हमेशा कागज या अखबार में लपेटकर ही रखें।
तरबूज: बैक्टीरिया का खतरा
गर्मियों में ठंडा तरबूज सबको पसंद आता है, लेकिन इसे फ्रिज में स्टोर करना सेहत पर भारी पड़ सकता है। लंबे समय तक फ्रिज में रखा तरबूज अपने पोषक तत्व (Nutrients) खो देता है।
सबसे बड़ा खतरा कटे हुए तरबूज के साथ है। अगर आप कटा हुआ तरबूज फ्रिज में रखते हैं, तो उस पर हानिकारक बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। यह बैक्टीरिया पेट की समस्याओं और फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं।
आम और लीची: पोषक तत्व होते हैं नष्ट
गूदेदार फल जैसे आम, लीची, कीवी और एवोकाडो हमेशा पकने (Ripening) की प्रक्रिया में रहते हैं। फ्रिज का तापमान इस प्रोसेस को बिगाड़ देता है।
इससे इन फलों में मौजूद जरूरी एंटी-ऑक्सीडेंट्स कम हो जाते हैं। बेहतर यही है कि इन फलों को फ्रिज के बजाय घर की किसी ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर करें।















