Health Tips : अक्सर लोग सेहत बनाने के लिए डार्क चॉकलेट खाना शुरू तो कर देते हैं, लेकिन बाजार में मौजूद वरायटी उन्हें कंफ्यूज कर देती है।
पैकेट पर लिखे कोको के प्रतिशत और ‘डार्क’ के टैग के बीच सही चुनाव करना मुश्किल हो जाता है। सच तो यह है कि हर काली दिखने वाली चॉकलेट हेल्दी नहीं होती।
असली डार्क चॉकलेट की पहचान
चॉकलेट कोको प्लांट से बनती है, जो एंटीऑक्सीडेंट्स और मिनरल्स का खजाना है। बाजार में मिलने वाली आम चॉकलेट में कोको कम होता है, जबकि शुगर, मिल्क और कोको बटर की भरमार होती है।
असली डार्क चॉकलेट वही है जिसमें शुगर कम और कोको की मात्रा ज्यादा हो। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, चॉकलेट का फायदा लेने के लिए आपको ऐसी चॉकलेट चुननी चाहिए जिसमें सॉलिड कोको 70 प्रतिशत या उससे ज्यादा हो।
कोको की मात्रा जितनी ज्यादा होगी, शरीर को फ्लेवेनॉल्स उतने ही अधिक मिलेंगे, जो सेहत के लिए जरूरी हैं।
एक दिन में कितनी चॉकलेट खानी चाहिए?
डार्क चॉकलेट फायदेमंद है, लेकिन इसे दवा की तरह सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। एक स्वस्थ व्यक्ति को दिन भर में 20 से 30 ग्राम डार्क चॉकलेट खानी चाहिए। यह मात्रा शरीर को जरूरी लाभ देने के लिए काफी है।
न्यूट्रिशन का पावरहाउस
यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (USDA) के आंकड़े बताते हैं कि अगर आप 70 से 85 प्रतिशत कोको वाली 101 ग्राम की चॉकलेट बार लेते हैं, तो यह पोषण से भरपूर होती है।
इसमें लगभग 8 ग्राम प्रोटीन और करीब 11 प्रतिशत डायटरी फाइबर मिलता है। इसके अलावा, इसमें 12 मिलीग्राम आयरन और 230 मिलीग्राम मैग्नीशियम होता है, जो हड्डियों और खून के लिए फायदेमंद है।















