Pumpkin For Health : अक्सर लोग कद्दू की सब्जी बनाते समय उसके पत्तों को बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये पत्ते स्वाद के साथ-साथ पोषण का पावरहाउस होते हैं?
कद्दू के पत्तों में फ्लेवोनोइड्स, बीटा-कैरोटीन और फेनोलिक यौगिक जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। खासतौर पर महिलाओं की सेहत के लिए ये पत्ते किसी औषधि से कम नहीं हैं।
इनमें कैल्शियम, मैंगनीज, विटामिन बी-6 और फास्फोरस जैसे जरूरी तत्व मौजूद होते हैं, जो शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
पीएमएस और मूड स्विंग्स में राहत
आजकल प्रीमेंस्ट्रुअल सिंड्रोम (PMS) महिलाओं में एक आम समस्या बन गई है। इसके कारण सिरदर्द, डिप्रेशन, मूड बदलना और चिड़चिड़ापन जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
कद्दू के पत्तों में मैंगनीज की भरपूर मात्रा होती है। डाइट में इन पत्तों को शामिल करने से शरीर को पर्याप्त मैंगनीज मिलता है, जिससे पीएमएस के लक्षणों और मूड स्विंग्स को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
पेट और दिल की सेहत का ख्याल
अगर आप कब्ज से परेशान हैं, तो कद्दू के पत्ते फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इनमें मौजूद फाइबर मल को मुलायम बनाता है, जिससे पेट साफ होने में आसानी होती है।
इसके अलावा, पत्तों में पाया जाने वाला घुलनशील फाइबर छोटी आंतों से कोलेस्ट्रॉल और पित्त एसिड के अवशोषण को कम करता है। इससे ब्लड कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है और हृदय रोगों का खतरा कम होता है।
हड्डियां होंगी मजबूत, खून की कमी होगी दूर
कद्दू के पत्तों में कैल्शियम और फास्फोरस का बेहतरीन संयोजन होता है। यह हड्डियों को मजबूत बनाने और दांतों के विकास में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से जोड़ों के दर्द में आराम मिल सकता है।
साथ ही, इन पत्तों में आयरन की भी अच्छी मात्रा होती है। यह शरीर में खून की कमी (एनीमिया) को दूर करता है और पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द में भी राहत पहुंचाता है।















