Winter Weight Loss Foods : ठंड के मौसम में रजाई के साथ-साथ गर्मागर्म और तले-भुने खाने की तलब भी बढ़ जाती है. अक्सर लोग सर्दियों में घी, मक्खन और पराठों का सेवन ज्यादा कर लेते हैं, जिससे वजन तेजी से बढ़ने लगता है.
हालांकि, डायटीशियन मुस्कान कुमारी का मानना है कि सही जानकारी और संतुलित आहार के जरिए इस मौसम में भी वजन को आसानी से काबू में रखा जा सकता है.
मेटाबॉलिज्म बूस्ट और फैट बर्निंग
वजन घटाने के लिए सर्दियों में ऐसे खाद्य पदार्थों का चयन करना चाहिए जो कैलोरी में कम हों, फाइबर से भरपूर हों और शरीर को गर्माहट दें. ये फूड्स मेटाबॉलिज्म को तेज करते हैं, जिससे फैट बर्न करने में मदद मिलती है.
टमाटर इस लिस्ट में अहम है क्योंकि इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और यह फैट बर्निंग में सहायक है. आप इसे टमाटर सूप या सलाद के रूप में ले सकते हैं.
वहीं, गाजर सर्दियों की सबसे बेहतरीन सब्जी मानी जाती है. इसमें फाइबर अधिक मात्रा में होता है जबकि कैलोरी काफी कम होती है.
इसे सलाद, सूप या हल्की सब्जी के रूप में खाने से पेट भरा रहता है और एक्स्ट्रा कैलोरी का डर नहीं रहता.
पाचन और डिटॉक्स के लिए बेस्ट ऑप्शन
वजन कम करने की प्रक्रिया में पाचन तंत्र का सही होना बहुत जरूरी है. पत्तागोभी लो-कैलोरी होने के साथ-साथ पाचन के लिए बेहतरीन मानी जाती है.
इसे आप सूप या सब्जी के रूप में अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. इसके अलावा, मूली शरीर को डिटॉक्स करने का काम करती है. मूली का सलाद या सब्जी खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे आप बार-बार खाने से बच जाते हैं.
क्रेविंग कंट्रोल करने का तरीका
सर्दियों में बार-बार लगने वाली भूख को शांत करने के लिए पालक एक अच्छा विकल्प है. यह आयरन और फाइबर से भरपूर होती है.
पालक का सूप या सब्जी खाने के बाद आपको दिन भर हल्की-फुल्की भूख नहीं सताती. यह पेट को संतुष्टि देता है और वजन घटाने के लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करता है.















