राजौरी : नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए राजौरी पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। जिले में पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो अलग-अलग कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इन तस्करों के पास से कुल 18 ग्राम हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौशेरा: पुलिस को देख बाइक सवार ने की भागने की कोशिश
पहली सफलता नौशेरा पुलिस स्टेशन की टीम को मिली। टीम थाना क्षेत्र के ठालका नाका पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी नौशेरा से राजौरी की तरफ आ रहे एक बाइक सवार ने पुलिस को नाके पर खड़ा देख अपनी बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। मुस्तैद जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी की पहचान वकार अहमद पुत्र सिकंदर हुसैन निवासी मकान नंबर 06, जवाहर नगर (राजौरी) के तौर पर हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 09 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ मिला। पुलिस ने थाना नौशेरा में एफआईआर नंबर 08/2026 धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यूनिवर्सिटी रोड पर गश्त के दौरान दो गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई पुलिस स्टेशन राजौरी की टीम ने यूनिवर्सिटी रोड पर की। पुलिस यहां रूटीन गश्त पर थी, तभी दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। इनकी पहचान गुल मारूफ पुत्र मोहम्मद जनैद निवासी साज (थन्नामंडी) और वसीम अकरम पुत्र परवेज अख्तर निवासी फतेहपुर डन्ना (राजौरी) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान इन दोनों के कब्जे से भी 09 ग्राम हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने थाना राजौरी में एफआईआर नंबर 21/2026 दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है।
सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्त में आए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे नशा कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे। मकसद पूरे गिरोह और नेटवर्क की पहचान कर उसे ध्वस्त करना है।



















