Uttarakhand Weatehr Update : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव के चलते राज्य में 1 से 3 फरवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
5 जिलों में बर्फबारी और बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 और 2 फरवरी को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखना शुरू हो जाएगा। विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना है।
इन जिलों में 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 3 फरवरी को यह प्रभाव और नीचे खिसक सकता है, जिससे 2800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात और बारिश देखी जा सकती है।
देहरादून में बारिश, हरिद्वार में कोहरा
पहाड़ों पर हो रही हलचल का असर मैदानी और कम ऊंचाई वाले इलाकों पर भी पड़ेगा। राजधानी देहरादून में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, मैदानी जिले हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए कोहरे का अलर्ट है। शनिवार को इन दोनों जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे विजिबिलिटी कम होने का खतरा है।
तेज हवाओं का येलो अलर्ट और तापमान
बारिश और बर्फबारी के साथ-साथ तेज हवाएं भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
तापमान की बात करें तो अगले 1 से 2 दिनों के दौरान पूरे उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद तापमान में फिर से गिरावट आएगी, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। पहाड़ी इलाकों की घाटियों में कोहरा छाने के भी आसार हैं।



















