Dehradun Murder Case : देहरादून जिले के विकासनगर अंतर्गत ढालीपुर क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा की बड़ी ही क्रूरता से हत्या कर दी गई।
बुधवार शाम दवा लेने घर से निकली छात्रा का शव गुरुवार सुबह शक्ति नहर के किनारे बरामद हुआ। घटनास्थल की स्थिति देख पुलिस कर्मियों के भी रोंगटे खड़े हो गए।
हत्या की बर्बरता ने चौंकाया
छात्रा के शरीर पर मिले चोट के निशान हत्यारे के भारी गुस्से और रंजिश की ओर इशारा कर रहे हैं। हत्यारे ने न केवल धारदार हथियार से गला रेता, बल्कि छात्रा की नाक और हाथ की उंगलियां भी काट दीं। इसके अलावा सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसे कुचलने की कोशिश की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चचेरे भाई पर गहराया शक
जांच में सामने आया है कि छात्रा बुधवार शाम अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल पर दवा लेने निकली थी। रात 9 बजे तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन दोनों का पता नहीं चला। सीसीटीवी फुटेज में दोनों को एक पेट्रोल पंप के पास बाइक पर जाते देखा गया है। पुलिस को शक है कि इस जघन्य अपराध को चचेरे भाई ने ही अंजाम दिया है।
नहर में सर्च ऑपरेशन जारी
एसएसपी अजय सिंह ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि वारदात में इस्तेमाल हंसिया आरोपी ने दो-तीन दिन पहले ही खरीदा था। मौके पर मोटरसाइकिल और हंसिया बरामद कर लिया गया है, लेकिन आरोपी भाई अभी लापता है। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या के बाद उसने नहर में छलांग लगा दी होगी, जिसके लिए एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पिता की तहरीर पर केस दर्ज
मृतक छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल हत्या के पीछे के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर सुराग जुटाने में लगी है।



















