Haridwar Crime News : हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर मुस्तुफाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शख्स ने अपनी पत्नी की बीमारी और उसके इलाज पर होने वाले खर्च से तंग आकर उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतका हसरूबा पिछले एक साल से बीमार चल रही थी, जिसे उसके पति अफजाल ने दवा के नाम पर सल्फास की गोली पानी में मिलाकर पिला दी।
इलाज के खर्च को लेकर होता था विवाद
मृतका के भाई अनीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हसरूबा की शादी 20 साल पहले अफजाल के साथ हुई थी। पिछले एक साल से हसरूबा के बीमार होने के कारण अफजाल अक्सर तानाकशी करता था और इलाज के खर्च को लेकर परेशान रहता था।
हालांकि मायके पक्ष के लोग आर्थिक मदद कर रहे थे, लेकिन आरोपी अफजाल ने जानलेवा कदम उठाने का मन बना लिया था।
मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए बयान
24 जनवरी को हालत बिगड़ने पर हसरूबा को सान्तरशाह स्थित अस्पताल ले जाया गया था। वहाँ उसने खुद पुलिस और अस्पताल स्टाफ को बताया कि उसके पति ने उसे जहर दिया है। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए नायब तहसीलदार रुड़की ने अस्पताल पहुंचकर उसके बयान दर्ज किए थे।
इसके बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहाँ 25 जनवरी को उसने दम तोड़ दिया। बहादराबाद पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।



















