हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस अभिरक्षा में हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर हुई फायरिंग मामले में कड़ा एक्शन लिया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक सब-इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही एसपी देहात को पूरे घटनाक्रम की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। यह वारदात बुधवार दोपहर लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर हुई थी, जिसने पुलिस सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी।
ओवरब्रिज पर जाम में फंसी थी पुलिस की गाड़ी बुधवार दोपहर करीब एक बजे रुड़की जेल से कुख्यात बदमाश विनय त्यागी को लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। सरकारी टाटा सूमो में चालक सहित छह पुलिसकर्मी सवार थे।
लक्सर हाईवे के ओवरब्रिज पर जाम लगने के कारण जैसे ही गाड़ी की रफ्तार थमी, पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हालांकि, इस दौरान दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।
हाथ में हथियार, जुबान पर ‘पकड़ो-पकड़ो’ इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने खाकी की फजीहत करा दी है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बदमाश गोली मारकर भाग रहे हैं और पुलिसकर्मी हथियार हाथ में होने के बावजूद फायर करने के बजाय उनके पीछे भागते हुए सिर्फ ‘पकड़ो-पकड़ो’ चिल्ला रहे हैं।
मौके पर मौजूद एक राहगीर वीडियो में यह कहता सुनाई दे रहा है, “किसे पकड़ें, तुमने तो गोली चलाई ही नहीं।” घायल विनय त्यागी को पहले लक्सर सीएचसी और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया।
जंगल से दबोचे गए दोनों शूटर वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत घेराबंदी शुरू की। हमलावर बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भागे थे। पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर जंगल से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा और अजय (निवासी काशीपुर, उधमसिंहनगर) के रूप में हुई है।
पैसों के विवाद में रची हत्या की साजिश एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी सन्नी ने गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि विनय त्यागी और उसके बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। विनय उसे जेल से ही मरवाने की धमकी दे रहा था।
इसी डर और गुस्से में सन्नी ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर विनय की हत्या की योजना बनाई। दोनों आरोपी लगातार विनय की रेकी कर रहे थे और उन्हें पता था कि बुधवार को उसे लक्सर लाया जाएगा। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल तमंचे भी बरामद कर लिए हैं।



















