Rajkumar Thukral FIR Rudrapur : रुद्रपुर की सियासत में आज उस वक्त हलचल मच गई, जब पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा के धरने पर बैठने के बाद पुलिस ने आनन-फानन में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने मीना शर्मा की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 और 79 के तहत यह कार्रवाई की है। यह मामला एक साल पुराने वायरल ऑडियो क्लिप से जुड़ा है।
एक साल से फाइलों में दबा था मामला
साल 2025 के निकाय चुनाव के दौरान सियासी माहौल गरमाया हुआ था। उस वक्त चुनाव से ठीक पहले पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा से जुड़ा एक आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
आरोप है कि इस ऑडियो में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कांग्रेसी नेत्री और उनके पति के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। मीना शर्मा ने अपनी छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए उसी समय रुद्रपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी।
कोतवाली में धरना और एसडीएम का दखल
शिकायत के एक साल बाद भी जब पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो नाराज मीना शर्मा आज अपने समर्थकों के साथ रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गईं। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वह कोतवाली परिसर में ही सांकेतिक धरने पर बैठ गईं।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि अब भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष बिष्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीना शर्मा से बात की और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस प्रशासनिक हस्तक्षेप के तुरंत बाद रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।



















