Uttarakhand IAS PCS Transfer : राज्य सरकार ने शनिवार, 17 जनवरी 2026 को नौकरशाही में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 19 और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के 11 अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है।
शासन द्वारा जारी आदेश संख्या 43-XXX-1-2026 और 44-XXX-1-2026 के तहत सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
शीर्ष स्तर पर अहम बदलाव
इस सूची में सबसे बड़ा नाम वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आर. मीनाक्षी सुन्दरम (2001 बैच) का है। उन्हें प्रमुख सचिव (ऊर्जा, मुख्यमंत्री व गृह) के पदभार से अवमुक्त करते हुए अब प्रमुख सचिव आवास और मुख्य प्रशासक, उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, शैलेश बगौली (2002 बैच) को प्रमुख सचिव आवास और सचिव मुख्यमंत्री के दायित्वों से हटाकर अब सचिव पेयजल बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ा चेहरा बदला गया है। आईएएस सचिन कुर्वे (2003 बैच), जो अब तक नागरिक उड्डयन देख रहे थे, उन्हें अब सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और आयुक्त स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण जिम्मा सौंपा गया है।
सचिव स्तर के अधिकारियों की नई भूमिका
प्रशासनिक मशीनरी को चुस्त करने के लिए डॉ. आर. राजेश कुमार को स्वास्थ्य विभाग से हटाकर अब सचिव आवास, राज्य संपत्ति विभाग और आयुक्त आवास बनाया गया है। दिलीप जावलकर को वित्त सचिव के पद से हटाकर निदेशक ऑडिट (Audit) भेजा गया है।
Dehradun में अवैध पार्किंग पर चला डंडा: 8 चालान, बसें सीज, यूनियनों को सख्त चेतावनी
इसके अलावा, बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम अब सचिव सहकारिता होंगे। आईएएस रणवीर सिंह चौहान को सचिव पेयजल और सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

2010 बैच के आईएएस अधिकारियों में डॉ. अहमद इकबाल को सचिव सहकारिता, रंजना राजगुरू को सचिव आयुष, और आनन्द स्वरूप को सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति बनाया गया है। देव कृष्ण तिवारी अब सचिव नियोजन होंगे।
जिलों और कुंभ मेले के लिए तैनाती
पीसीएस अधिकारियों की सूची में मैदानी कार्यों पर विशेष फोकस रखा गया है। पीसीएस अरविंद कुमार पांडेय को नैनीताल का नया मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नियुक्त किया गया है।
वहीं, आकाश जोशी और मंजीत सिंह गिल को हरिद्वार में आगामी आयोजनों को देखते हुए उप मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। आकाश जोशी डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार का भी दायित्व देखेंगे।
देहरादून और हरिद्वार प्रशासन में फेरबदल
देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) में संयुक्त सचिव बनाया गया है। पीसीएस दयानंद को रुद्रप्रयाग से हटाकर डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार भेजा गया है।
Uttarakhand में स्मार्ट मीटर की शिकायतें होंगी दूर, अब घर आकर जांच करेगी एक्सपर्ट टीम
पीसीएस ललित मोहन तिवारी अब पिथौरागढ़ के डिप्टी कलेक्टर होंगे। आईएएस श्रीमती अनामिका, जो सीडीओ नैनीताल थीं, उन्हें बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है, जबकि बाध्य प्रतीक्षा में चल रहे आईएएस प्रवीण कुमार को अपर नगर आयुक्त देहरादून और अपर निदेशक शहरी विकास बनाया गया है।



















