Face Pack : दादी-नानी के जमाने से बेसन और नींबू का इस्तेमाल त्वचा की रंगत निखारने और उसे स्वस्थ रखने के लिए किया जा रहा है। ये दोनों चीजें जब एक साथ मिलती हैं, तो त्वचा संबंधी कई परेशानियों का समाधान घर बैठे ही हो जाता है।
चाहे चेहरे का कालापन हो या जिद्दी मुंहासे, बेसन और नींबू का सही इस्तेमाल त्वचा की गहरी सफाई करता है।
ऑयली स्किन और मुंहासों पर वार
जिन लोगों की त्वचा तैलीय (ऑयली) है, उन्हें अक्सर चिपचिपी त्वचा, एक्ने और बंद पोर्स की शिकायत रहती है। बेसन और नींबू का मिश्रण चेहरे पर जमा अतिरिक्त तेल (सीबम) को सोखने का काम करता है।
आज के दौर में खराब खानपान और प्रदूषण के कारण चेहरे पर गंदगी जम जाती है, जिससे मुंहासे निकलते हैं। यह फेस पैक उस गंदगी को साफ करके मुंहासों को कम करने में मदद करता है।
डेड स्किन हटेगी, चेहरा दमकेगा
चेहरे की रंगत कई बार डेड स्किन सेल्स (मृत कोशिकाओं) के कारण दब जाती है। बेसन एक प्राकृतिक एक्सफोलिएटर है। जब इसे नींबू के साथ लगाया जाता है, तो यह डेड स्किन को हटाकर नई त्वचा को सांस लेने का मौका देता है।
इससे त्वचा में नमी बरकरार रहती है और चेहरा टाइट होता है। नियमित इस्तेमाल से चेहरे की झुर्रियां और फाइन लाइन्स भी कम नजर आती हैं, जिससे कालापन दूर होता है और चेहरा साफ दिखता है।
कैसे तैयार करें ये फेस पैक
इस घरेलू नुस्खे को बनाना बेहद आसान है। इसके लिए एक कटोरी में 2 चम्मच बेसन लें और उसमें 1 चम्मच नींबू का रस मिलाएं। इसमें चुटकी भर हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और पेस्ट बना लें।
इस पैक को चेहरे पर लगाएं और सूखने के लिए छोड़ दें। जब यह सूख जाए, तो ठंडे पानी से चेहरा धो लें।















