Himachali Siddu Recipe : अगर आप कभी हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर गए हैं, तो वहां के स्ट्रीट फूड का ज़ायका आपकी यादों में जरूर बसा होगा।
अब पारंपरिक डिश ‘सिड्डू’ (Siddu) पर्यटकों और खाने के शौकीनों की पहली पसंद बन चुकी है। यह डिश स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी बेहतरीन मेल है।
स्वाद और सेहत का संगम
सिड्डू मूल रूप से एक स्टीम्ड ब्रेड है, जो बाहर से बेहद सॉफ्ट और अंदर से जायकेदार होती है। जहां आम स्ट्रीट फूड तेल में तला हुआ होता है, वहीं सिड्डू को भाप (Steam) में पकाया जाता है, जिससे यह पचने में हल्का और पौष्टिक होता है।
पहले यह व्यंजन केवल पहाड़ी क्षेत्रों की रसोइयों तक सीमित था, लेकिन अब अपनी सिम्पल रेसिपी के कारण यह हर जगह बनाया जाने लगा है।
सिड्डू बनाने की सामग्री
इस पहाड़ी डिश को बनाने के लिए आपको साधारण रसोई के सामान की जरूरत होगी:
बेस के लिए: 1 कप गेहूं का आटा, आधा चम्मच यीस्ट, स्वादानुसार नमक और आटा गूंथने के लिए गुनगुना पानी।
स्टफिंग के लिए: 1 कप पनीर, 1 कप अखरोट, आधा कप कटा हुआ हरा धनिया।
मसाले: 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा-आधा चम्मच जीरा, अमचूर और धनिया पाउडर। साथ में परोसने के लिए आधा कप घी।
बनाने का तरीका
सिड्डू तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, यीस्ट और नमक मिलाएं। इसे हल्के गुनगुने पानी के साथ गूंथ लें ताकि आटा अच्छे से खमीर पकड़ सके। इसे कुछ देर सेट होने दें।
दूसरी तरफ स्टफिंग तैयार करने के लिए एक बाउल में पनीर, अखरोट, हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च और अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। लोई को हल्का फैलाकर उसमें तैयार स्टफिंग का एक चम्मच भरें और किनारों को अच्छी तरह सील कर दें, ताकि फिलिंग बाहर न आए।
इसके बाद एक स्टीमर में इन तैयार सिड्डू को रखें और करीब 15 मिनट तक भाप में पकने दें। आपका गरमा-गरम और सॉफ्ट सिड्डू तैयार है। इसे घी के साथ सर्व करें।















