Eggless Chocolate Chip Cookies : कुकीज का नाम सुनते ही बच्चों के चेहरे खिल जाते हैं, लेकिन बड़े भी इसे चाय के साथ उतने ही शौक से खाते हैं।
अगर आप बाजार की जगह घर पर कुछ हाइजीनिक और टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो एगलेस चॉकलेट चिप कुकीज बेस्ट ऑप्शन हैं। इसे बनाने का तरीका बेहद आसान है और सामग्री भी आपकी किचन में आसानी से मिल जाएगी।
इन चीजों की होगी जरूरत
इस रेसिपी के लिए आपको 1/3 कप डार्क चॉकलेट चिप्स, 1/3 कप मक्खन और मिठास के लिए 1/3 कप लो-कैलोरी स्वीटनर की जरूरत होगी।
इसके अलावा 1 कप मैदा, खुशबू के लिए 1 टीस्पून वनीला एसेंस, 1/4 टीस्पून बेकिंग सोडा, 1/4 टीस्पून बेकिंग पाउडर और डो (आटा) बनाने के लिए 2-3 टेबलस्पून दूध अपने पास रख लें।
बैटर तैयार करने का सही तरीका
सबसे पहले अपने ओवन को 180°C पर प्रीहीट होने के लिए छोड़ दें। अब एक बड़े कटोरे में मक्खन और लो-कैलोरी स्वीटनर लें।
इलेक्ट्रिक बीटर की मदद से इसे तब तक फेंटें जब तक यह मिश्रण बिल्कुल हल्का (light) न हो जाए। इसके बाद इसमें वनीला एसेंस डालें और अच्छे से मिला लें।
अब एक अलग बर्तन में मैदा, बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर को एक साथ मिक्स करें। इस सूखे मिश्रण को मक्खन वाले पेस्ट में मिलाएं।
आखिर में डार्क चॉकलेट चिप्स और दूध डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह गूंथ लें और एक नरम डो तैयार करें।
बेकिंग और स्टोर करने के टिप्स
तैयार डो को बराबर हिस्सों में बांटकर छोटे बॉल्स बना लें और हथेली से हल्का दबाकर सपाट कर दें। इन कुकीज को बेकिंग ट्रे पर थोड़ी दूरी पर सजाएं।
अब ट्रे को पहले से गर्म ओवन में रखें और 10 से 12 मिनट तक बेक करें। ओवन से निकालने के बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें ताकि ये क्रिस्पी हो जाएं।
आप इन्हें एयर टाइट डिब्बे में बंद करके कई दिनों तक इनका लुत्फ उठा सकते हैं।















