Tandoori Biryani : बिरयानी का नाम सुनते ही खाने के शौकीन लोगों के चेहरे पर चमक आ जाती है। अगर आप रेगुलर चिकन बिरयानी खाकर बोर हो चुके हैं, तो तंदूरी बिरयानी (Tandoori Biryani) एक शानदार बदलाव है।
इस डिश की खासियत इसका ‘स्मोकी फ्लेवर’ है, जो पहली ही बाइट में दिल जीत लेता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि तंदूरी स्वाद सिर्फ रेस्टोरेंट के ओवन या तंदूर में ही मिल सकता है, लेकिन यह सच नहीं है।
आप अपने किचन में मौजूद साधारण बर्तनों और एक छोटे से कोयले के टुकड़े से इसे बिल्कुल होटल जैसा बना सकते हैं।
सबसे पहले तैयारी: मेरिनेशन है जरूरी
तंदूरी बिरयानी का असली जादू उसके मसालों में छिपा है। इसके लिए आपको 500 ग्राम कटे हुए चिकन को अच्छे से धोकर साफ करना होगा।
अब चिकन को मेरिनेट करने के लिए इसमें आधा कप दही, 2 चम्मच तंदूरी मसाला, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट और 1 चम्मच नींबू का रस मिलाएं।
स्वादानुसार नमक डालकर इसे अच्छी तरह मिक्स करें और करीब 1 घंटे के लिए ढककर छोड़ दें। इस दौरान आप 2 कप बासमती चावल को धोकर 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें।

चावल और चिकन पकाने का तरीका
जब चिकन मेरिनेट हो जाए, तो इसे पकाने की बारी आती है। एक पैन या तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और मेरिनेट किए हुए चिकन के टुकड़ों को 5 से 7 मिनट तक सेकें।
इसे पूरी तरह नहीं पकाना है, बस हल्का तंदूरी टेक्सचर देना है। दूसरी तरफ, चावल उबालने के लिए एक बड़े पतीले में 4 कप पानी रखें। पानी में तेजपत्ता, 3-4 लौंग, 2-3 हरी इलायची और थोड़ा नमक डालें।
जब पानी उबलने लगे तो इसमें भीगे हुए चावल डाल दें। ध्यान रहे, चावल को सिर्फ 80 प्रतिशत तक ही पकाना है। इसके बाद चावल को छन्नी से छानकर पानी अलग कर लें।
लेयरिंग और ‘स्मोकी’ फ्लेवर का सीक्रेट
अब बिरयानी को फाइनल टच देने के लिए एक भारी तले की कढ़ाई लें। सबसे पहले इसमें आधे पके हुए चावल की एक परत बिछाएं।
इसके ऊपर तंदूरी स्टाइल में पकाए हुए चिकन के टुकड़े रखें और फिर बचे हुए चावलों की परत ऊपर से लगा दें।
खुशबू और स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से घी, तली हुई प्याज (रिश्ता), बारीक कटा हरा धनिया, पुदीना और केसर वाला दूध डालें। कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक पकाएं।
असली तंदूरी स्वाद के लिए अब ‘कोयले वाला स्टेप’ सबसे अहम है। गैस पर कोयले का एक टुकड़ा दहकाएं। बिरयानी की कढ़ाई में एक छोटी कटोरी रखें और उसमें जलता हुआ कोयला डाल दें।
कोयले के ऊपर एक चम्मच घी डालें। जैसे ही धुआं उठने लगे, कढ़ाई का ढक्कन तुरंत बंद कर दें। यह धुआं बिरयानी के रेशे-रेशे में समा जाएगा और आपको घर बैठे रेस्टोरेंट जैसा स्मोकी फ्लेवर मिलेगा।















