Neer Dosa Recipe : अगर आप साउथ इंडियन खाने के दीवाने हैं, तो इडली और डोसा आपकी लिस्ट में जरूर शामिल होंगे। आम डोसा बनाने में काफी वक्त लगता है, लेकिन अगर आप स्वाद के साथ-साथ समय की बचत भी चाहते हैं, तो ‘नीर डोसा’ एक शानदार विकल्प है।
यह डिश फटाफट तैयार हो जाती है, जो इसे सुबह की भागदौड़ के बीच नाश्ते के लिए बेस्ट ऑप्शन बनाती है।
सेहत के लिए भी फायदेमंद
नीर डोसा की सबसे बड़ी खासियत इसका हल्कापन है। यह तेल और मसालों से दूर एक सात्विक डिश की तरह है, जिसे बच्चे और बुजुर्ग भी आसानी से पचा सकते हैं।
स्वाद और सेहत से भरपूर इस डोसे को आप लंच बॉक्स या सुबह के नाश्ते में कभी भी बना सकते हैं।
नीर डोसा बनाने की सामग्री
इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है। मुख्य रूप से चावल (या चावल का आटा), स्वादानुसार नमक, पकाने के लिए तेल और स्वाद बढ़ाने के लिए ताजे नारियल की आवश्यकता होती है।
बैटर तैयार करने का तरीका
नीर डोसा बनाने के लिए सबसे पहले चावल को पानी में अच्छी तरह भिगोकर रख दें, जिससे वे नरम हो जाएं। जब चावल भीग जाएं, तो उन्हें नारियल के साथ या बिना नारियल के मिक्सी में महीन पीस लें।
पिसे हुए मिश्रण में स्वादानुसार नमक मिलाएं। ध्यान रहे कि इसका घोल (बैटर) सामान्य डोसे की तुलना में काफी पतला होता है। इस घोल को सेट होने के लिए करीब 10 मिनट तक अलग रख दें।
ऐसे बनाएं परफेक्ट डोसा
अब एक नॉनस्टिक तवा गर्म करें और उस पर हल्का तेल लगाकर चिकना कर लें। तैयार किए गए पतले घोल को तवे के बीच में डालें और धीरे-धीरे फैलाते हुए गोल आकार दें।
इसे पकने में बहुत कम समय लगता है। डोसे के किनारों पर थोड़ा तेल लगाएं और पलटकर दोनों तरफ से सेक लें।
जब यह हल्का सुनहरा हो जाए, तो इसे प्लेट में निकाल लें। आपका गरमा-गरम नीर डोसा तैयार है। इसे आप सांभर और ताजी नारियल की चटनी के साथ सर्व करें।















