Delhi NCR Weather Update : वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से दिल्ली-एनसीआर के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने बदलती परिस्थितियों को देखते हुए गरज और बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर दिया है।
तेज हवाएं और गिरता तापमान
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, शुक्रवार को दिन भर मौसम सुहावना लेकिन ठंडा रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी और यह लुढ़ककर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर या शाम के वक्त बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
इन शहरों में आंधी-बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए स्पेसिफिक अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, नारनौल (हरियाणा) और भिवाड़ी, कोटपुतली (राजस्थान) में 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी और मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर और बिजनौर जैसे इलाकों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।
भीषण गर्मी के बाद एकदम से यू-टर्न
मौसम का यह बदलाव बेहद चौंकाने वाला है क्योंकि ठीक एक दिन पहले दिल्ली ने गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ा था। गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले सात सालों में जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 2019 में पारा 28.7 डिग्री तक गया था। सफदरजंग वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री ज्यादा था, लेकिन आज पश्चिमी विक्षोभ ने पारे को फिर नीचे धकेल दिया है।
दफ्तर जाने वालों को परेशानी
अचानक हुई इस बारिश और मौसम में बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी दिखा है। फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में सुबह के वक्त हुई बारिश से कई जगहों पर पानी जमा हो गया, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम और जलभराव के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो दिन की गर्मी के बाद लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं।



















