देहरादून (उत्तराखंड) : नए साल के जश्न के लिए पहाड़ों की रानी मसूरी और देहरादून तैयार हैं, लेकिन पुलिस ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। 30 और 31 दिसंबर 2025 को सड़कों पर निकलने से पहले आपको नया ट्रैफिक प्लान समझना होगा।
Jan Jan Ki Sarkar : कांग्रेस के ‘झूठ’ पर भाजपा का पलटवार, कहा- विकास नहीं देख पा रहा विपक्ष
पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जश्न में खलल डालने वालों और ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मसूरी एंट्री के लिए तीन चरणों (Plan A, B, C) में विशेष व्यवस्था की है।
दिल्ली और हरिद्वार से आने वालों के लिए नया रूट
बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को शहर के जाम में फंसने से बचाने के लिए बाईपास रूट दिए गए हैं। दिल्ली, रुड़की और सहारनपुर से मोहंड के रास्ते आने वाले पर्यटक अब सीधे आईएसबीटी नहीं आएंगे। इन वाहनों को आशारोड़ी से ही डायवर्ट कर शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड्स चौक, बल्लूपुर और गढ़ी कैंट होते हुए जोहड़ी गांव के रास्ते मसूरी भेजा जाएगा।
हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले पर्यटकों के लिए दो प्लान तैयार हैं। सामान्य स्थिति में वाहन जोगीवाला, रिंग रोड और आईटी पार्क होते हुए कुठाल गेट तक जाएंगे। अगर शहर में दबाव बढ़ा (प्लान B), तो वाहनों को डोईवाला से ही थानो रोड, महाराणा प्रताप चौक और सहस्त्रधारा क्रॉसिंग होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
मसूरी में पार्किंग का ‘चक्रव्यूह’: प्लान ए, बी और सी
पुलिस ने मसूरी के लिए सबसे अहम पार्किंग मैनेजमेंट प्लान बनाया है। मसूरी में होटलों और विभिन्न पार्किंग स्थलों (टाउन हॉल, किंग क्रेग, लाइब्रेरी आदि) को मिलाकर करीब 2500-3000 वाहनों की क्षमता है। शुरुआत में ट्रैफिक सामान्य रूप से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस (प्लान A) तक जाने दिया जाएगा।
Vikas Nagar : विकासनगर में लगा जनता दरबार, 35 शिकायतों का ‘ऑन द स्पॉट’ फैसला
जैसे ही मसूरी की पार्किंग क्षमता 70 प्रतिशत भर जाएगी, पुलिस ‘प्लान B’ लागू कर देगी। इसके तहत पर्यटकों के वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में ही रोक दिया जाएगा और वहां से शटल सेवा या लोकल टैक्सी से उन्हें आगे भेजा जाएगा। यदि भीड़ और बढ़ी और किंग क्रेग पार्किंग भी फुल हो गई, तो ‘प्लान C’ एक्टिव होगा। इस स्थिति में वाहनों को मसूरी से काफी पहले ‘गज्जी बैंड’ पर रोक दिया जाएगा और वहां से पर्यटक शटल सेवा के जरिए ही शहर में प्रवेश कर पाएंगे।
शहर के अंदर और वापसी के रास्ते
मसूरी से वापस लौटने वाले पर्यटकों के लिए रूट बिल्कुल अलग रखा गया है ताकि आने-जाने वाले वाहन आमने-सामने न आएं। वापसी के लिए वाहनों को कुठाल गेट से ओल्ड राजपुर रोड, साईं मंदिर, आईटी पार्क और नालापानी चौक होते हुए जोगीवाला की तरफ भेजा जाएगा।
देहरादून शहर में भी पैसिफिक मॉल और राजपुर रोड पर विशेष नजर रहेगी। मॉल के पास जाम लगते ही घंटाघर की ओर जाने वाले वाहनों को साईं मंदिर तिराहा से आईटी पार्क की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसी तरह, राजभवन (कैंट) की तरफ से दिलाराम चौक आने वाले वाहनों को जोहड़ी गांव के रास्ते निकाला जाएगा। शहर में पार्किंग के लिए रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड और एमडीडीए पार्किंग सहित सात बड़े स्थान चिन्हित किए गए हैं।
हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर
जश्न के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। पुलिस ने रश ड्राइविंग, ड्रंकन ड्राइविंग और स्टंट करने वालों को पकड़ने के लिए शहर में 22 प्रमुख स्थानों पर इंटरसेप्टर और चेकिंग टीमें तैनात की हैं।
मसूरी डायवर्जन, आशारोड़ी, कुठालगेट, घंटाघर और जोगीवाला जैसे प्वाइंट्स पर सघन चेकिंग अभियान चलेगा। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी, ताकि आम जनता शांतिपूर्ण ढंग से नव वर्ष मना सके।



















