Glycerin Ke Fayde : सर्दियों के मौसम में चलने वाली ठंडी हवाएं त्वचा की प्राकृतिक नमी छीन लेती हैं, जिससे चेहरा रूखा और बेजान नजर आने लगता है।
कई बार लोग नमी वापस लाने के लिए भारी मॉइस्चराइजर या लोशन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे पिंपल्स और दाग-धब्बों की समस्या शुरू हो सकती है। ऐसे में ग्लिसरीन एक बेहतरीन विकल्प साबित होता है।
यह न सिर्फ ड्राइनेस को कम करता है, बल्कि स्किन टोनिंग और निखार में भी मददगार है। हालांकि, इसका पूरा फायदा तभी मिलता है जब इसे सही तरीके से लगाया जाए।
कब लगाना सबसे ज्यादा फायदेमंद
त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, रात के समय स्किन रिपेयर मोड में होती है, इसलिए मॉइस्चराइजर का असर सबसे ज्यादा होता है। आप हर रोज सोने से पहले साफ चेहरे पर ग्लिसरीन लगा सकते हैं।
इसके अलावा, नहाने के बाद साबुन या बॉडी वॉश के कारण त्वचा अत्यधिक रूखी हो जाती है। नमी को लॉक करने के लिए नहाने के तुरंत बाद इसका इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। जब भी त्वचा में खिंचाव महसूस हो, ग्लिसरीन का उपयोग किया जा सकता है।
ग्लिसरीन लगाने का सही तरीका
ग्लिसरीन को कभी भी सीधे चेहरे पर नहीं लगाना चाहिए। यह बहुत गाढ़ा और चिपचिपा होता है, जो धूल-मिट्टी को अपनी ओर खींच सकता है और उल्टा त्वचा की नमी कम कर सकता है।
इसे हमेशा किसी चीज में मिलाकर (डायल्यूट करके) ही लगाना चाहिए। सबसे आसान तरीका है कि आप एक चम्मच ग्लिसरीन में तीन से चार बूंद गुलाब जल मिलाएं। इसे कॉटन की मदद से चेहरे पर लगाएं।
अगर गुलाब जल नहीं है, तो आप इसे एलोवेरा जेल के साथ मिलाकर भी लगा सकते हैं। यह मिश्रण मेकअप से पहले प्राइमर की तरह भी काम करता है, जिससे मेकअप चेहरे पर आसानी से सेट हो जाता है और स्किन हाइड्रेटेड रहती है।
किन लोगों को बचना चाहिए
हर किसी की त्वचा एक जैसी नहीं होती। जिन लोगों की स्किन ऑयली है, उन्हें ग्लिसरीन लगाने से बचना चाहिए क्योंकि इससे चेहरे पर चिपचिपाहट बढ़ सकती है। इसके अलावा, अगर आपको स्किन एलर्जी या कोई इन्फेक्शन है, तो इसका इस्तेमाल न करें।
कई लोग स्किन टोन सही करने के लिए इसमें नींबू का रस मिलाते हैं। ध्यान रखें कि नींबू और ग्लिसरीन लगाकर तेज धूप में बाहर न निकलें, इससे त्वचा को नुकसान हो सकता है। चेहरे पर लगाने से पहले हाथ पर पैच टेस्ट जरूर कर लें।
होठों और बालों के लिए भी उपयोगी
ग्लिसरीन सिर्फ चेहरे तक सीमित नहीं है। फटे होठों के लिए इसमें थोड़ा शहद मिलाकर लिप बाम की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। बालों के लिए इसे पानी में मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें और हफ्ते में दो-तीन बार हेयर सीरम की तरह छिड़कें।
शरीर के बाकी हिस्सों के लिए नारियल तेल में दो से तीन चम्मच ग्लिसरीन मिलाकर लगाने से यह एक बेहतरीन बॉडी मॉइस्चराइजर का काम करता है।
Chia Seeds Face Mask : महंगे फेशियल भूल जाएं, चिया सीड्स से पाएं पार्लर जैसा फेस ग्लो














