देहरादून : भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा भ्रष्टाचार को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार समभाव और भेद-रहित शासन चला रही है।
Dehradun : थाने में कांग्रेस का धरना, भाजपा ने बताया ‘अंदरूनी कलह’ का नतीजा
उन्होंने कटाक्ष किया कि सरकार की नजर में हर मछली समान है, लेकिन अगर तालाब में मछलियों की बात हो रही है, तो कांग्रेस इसकी विशेषज्ञ है और उसका इसमें पुराना अनुभव रहा है।
कांग्रेस अपना ट्रैक रिकॉर्ड देखे
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलने से पहले कांग्रेस को अपना इतिहास देखना चाहिए। राज्य की जनता ने कांग्रेस के शासनकाल में बदलाव इसलिए किया क्योंकि तब भ्रष्टाचार चरम पर था। जनता ने खनन, शराब और खरीद-फरोख्त के स्टिंग ऑपरेशन अपनी आंखों से देखे थे।
उस दौर में जनता की कोई सुनवाई नहीं थी और सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार आम बात हो गई थी। चौहान ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस राज में खुली लूट और भेदभाव देखा है, जबकि अब वे भाजपा पर बेबुनियाद तोहमत लगा रहे हैं।
धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
भाजपा नेता ने दावा किया कि मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल में भेदभाव रहित शासन का एक उदाहरण पेश किया गया है। भर्ती मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना कालखंड देखे हर रसूखदार को जांच के दायरे में लिया। यह जीरो टॉलरेंस का उत्कृष्ट उदाहरण है।
Dehradun Crime : जमीन के सौदे की खबर ने कराया कांड, देहरादून में ‘घर के भेदी’ ने बुलाए लुटेरे
चौहान ने याद दिलाया कि आज जो लोग राजनीतिक रूप से आरोप लगा रहे हैं, एक समय वे भी धामी के इन साहसिक फैसलों की तारीफ कर चुके हैं। अब तक जो भी मामले सामने आए हैं, उनमें रिपोर्ट दर्ज करने से लेकर सख्त कार्रवाई तक, सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।
अंकिता केस और काशीपुर घटना पर स्थिति स्पष्ट
चौहान ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में राजनीतिक जमीन खिसकती देख कांग्रेस अब दूसरे मामलों में दोषारोपण कर रही है। काशीपुर में किसान आत्महत्या मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार ने तत्काल मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए और प्राथमिक जांच में कई लोगों पर कार्रवाई भी हुई है।
उन्होंने जोर दिया कि वर्तमान में थानों से लेकर विभागों तक में नियमित सुनवाई हो रही है। मुख्यमंत्री खुद ‘जनता के द्वार’ कार्यक्रम और शिविरों के जरिए समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं। सीएम हेल्पलाइन भी सक्रियता से काम कर रही है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस बौखलाहट में अनर्गल आरोप लगा रही है।



















