Vastu Tips For Tulsi : भारतीय घरों में तुलसी के पौधे का होना बेहद सामान्य है। इसे न केवल पूजनीय माना जाता है, बल्कि वास्तु शास्त्र में भी इसका विशेष महत्व है।
सही स्थान पर लगा तुलसी का पौधा घर के माहौल को खुशहाल और ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करता है। अक्सर लोग पौधा खरीदकर ले आते हैं, लेकिन इसे सही दिशा में रखना भूल जाते हैं।
गलत स्थान पर रखा पौधा आपको इसका पूरा लाभ नहीं दे पाता। आइए जानते हैं कि वास्तु के अनुसार घर में तुलसी का पौधा कहां और किस दिशा में लगाना चाहिए।

तुलसी लगाने के लिए सबसे उत्तम दिशाएं
ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा)
घर का उत्तर-पूर्व कोना यानी ईशान कोण सबसे पवित्र माना जाता है। इस दिशा में तुलसी का पौधा रखना सबसे उत्तम होता है। इससे घर में शांति बनी रहती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उत्तर दिशा
यदि ईशान कोण में जगह न हो, तो तुलसी को उत्तर दिशा में रखा जा सकता है। वास्तु के मुताबिक यह दिशा करियर, नौकरी और व्यवसाय में आने वाली अड़चनों को कम करने में मददगार मानी जाती है।
पूर्व दिशा
उत्तर दिशा में भी स्थान न मिलने पर आप पूर्व दिशा का चुनाव कर सकते हैं। इस दिशा में तुलसी रखने से परिवार के सदस्यों के बीच तालमेल और प्रेम बढ़ता है।
आंगन, बालकनी और मुख्य द्वार पर तुलसी
अगर आपके पास सही दिशा में पौधा रखने की पर्याप्त जगह नहीं है, तो आप इसे आंगन या धूप वाली बालकनी में रख सकते हैं।
इसके अलावा घर के मुख्य द्वार पर तुलसी का पौधा लगाना भी काफी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में प्रवेश करने वाली नकारात्मक ऊर्जा बाहर ही रुक जाती है और माहौल शांत रहता है।
तुलसी की देखभाल से जुड़े जरूरी नियम
- पौधे के पास हमेशा साफ-सफाई रखें, वहां जूते-चप्पल न उतारें।
- पौधे को पर्याप्त धूप और पानी मिलना जरूरी है ताकि वह सूखे नहीं।
- रविवार और एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते तोड़ने से बचें।
- सूखा हुआ पौधा घर में न रखें, उसे किसी नदी या गमले की मिट्टी में विसर्जित कर नया पौधा लगाएं।













